अनुरूप सैनी
सिरसा। स्थानीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनन्द बियानी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गाँधी के आदेशानुसार हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा कुमारी शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता की जि़म्मेदारी सौंपी, यह जानकारी हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जनरल सैक्रेटरी डॉ. अजय चौधरी ने प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता बजरंग दास गर्ग के माध्यम से पत्र भेजकर उन्हें दी।

इस नियुक्ति पर प्रदेश के कांग्रेस जन में खुशी की लहर है क्योंकि बियानी 1982 से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रहते हुए सर्वप्रथम हरियाणा के गृह मंत्री स्वर्गीय श्री लक्ष्मण दास अरोड़ा के प्रवक्ता नियुक्त हुए तथा लगातार पार्टी में अपनी सेवाओं के बल पर 1990 से 1998 तक कांग्रेस सेवादल जि़ला सिरसा के अध्यक्ष बने।
सन् 2001 से 2005 तक हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (व्यापार सैल, जि़ला सिरसा) के अध्यक्ष रहे। तत्पश्चात सन् 2002 से 2005 तक वे जि़ला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री बने तथा 2003 से 2008 तक जि़ला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नियुक्त हुए। इसी के साथ-साथ हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस कमेटी(मीडिया प्रकोष्ठ) के चेयरमैन भी रहे। 2004 से 2009 तक वे हरियाणा प्रदेश यूथ कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।

सन् 2006 से 2016 तक उन्होंने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (खेल-कूद व व्यापार प्रकोष्ठ) के प्रदेश महासचिव पर कार्य किया। सन् 2019 में उन्हें कांग्रेस ट्रेनिंग कॉर्डिनेटर नियुक्त किया गया। बियानी ने कंाग्रेस पार्टी के प्रति निःस्वार्थ भाव व ईमानदारी और मेहनत को देखते हुए आज हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नियुक्त किए गये।
इस नियुक्ति पर श्री बियानी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गाँधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जि़म्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाते हुए उनकी कसौटियों पर खरा उतरकर प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता लाने का हर संभव प्रयास करेंगे।