बीकानेर। आखिर सीवर लाइन का काम कर रही कंपनी की लापरवाही से आज एक युवक की जान चली ही गई। गंगाशहर के मुख्य बाजार में बने सीवर लाइन के गड्ढे में यह मजदूर उतरा था। लेकिन पहली बरसात के पानी ने उसे खतरे का गड्ढ़ा बना दिया। इसी गड्ढे में मूलाराम फंसा। उसके साथी ने भी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुआ। तभी आसपास के लोगों को मालूम हुआ तो सबने मिलकर बमुश्किल उसे निकाला। अचेत मूलाराम को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मूलाराम कालासर के पद्माराम मेघवाल का पुत्र है। उसकी उम्र मात्र तीस वर्ष थी। कंपनी मजदूरों को ना तो सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाती है और ना ही ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था होती है।

अगर यह सब उपकरण होते तो वह बच सकता था। बता दें कि कंपनी की यह जानलेवा लापरवाही पिछले दो साल से जारी है। इससे पहले कई इनके गड्ढ़ों में गिरकर भी बाल बाल बचे हैं। हाल ही में हुई बरसात वाली रात को एक युवक मोटरसाइकिल सहित गड्ढ़े में गिर गया था। लेकिन बार बार कहने के बावजूद इनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। राजनीतिक हस्तक्षेप से शक्तिशाली बनी इस कंपनी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगती। आमजनता की अनसुनी के रिकॉर्ड कायम करने वाली कंपनी की वजह से आज एक बेकसूर की जान चली गई।