बीकानेर, 4 नवंबर। महानंद महादेव मंदिर में चल रहे कोटि गायत्री महायज्ञ के पांचवे दिन सोमवार को प्रधान पीठ पूजन किया गया। कर्मकांड भास्कर पंडित नथमल पुरोहित के सान्निध्य में वेदमाता गायत्री का ध्यान एवं आरती की गई। पच्चीस कुंडीय यज्ञ में यजमानों ने एक लाख आहूतियां दी तथा ब्राह्मणों द्वारा गायत्री मंत्र का जाप किया गया। महानंद वैदिक यज्ञ समिति के पवन जोशी ने बताया कि यह अनुष्ठान 9 नवंबर तक चलेगा। इस समय तक गायत्री के एक करोड़ मंत्रों का जाप होगा।

महानंद महादेव मंदिर में यह यज्ञ दूसरी बार हो रहा है। सोमवार को दूरदराज के क्षेत्रों से आए धर्मावलंबियों ने यज्ञशाला के दर्शन तथा परिक्रमा की। इस दौरान महेन्द्र आचार्य, दाऊलाल कल्ला, रविन्द्र आचार्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।