चंडीगढ़ पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप के साथ दो नाइजीरियन पकड़े


चंडीगढ़, 7 दिसम्बर। शहर में आए दिन ड्रग तस्कर पकड़े जा रहे हैं, जहां इसी क्रम में चंडीगढ़ की थाना 39 पुलिस ने दो नाइजीरियन पकडे हैं। इनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई है। हेरोइन की कीमत 2.5 करोड़ रूपए बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक थाना 39 पुलिस ने दोनों आरोपी नाइजीरियन को अलग-अलग जगह से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए नाइजीरियन की पहचान दिल्ली के रहने वाले 31 साल के ओबिबुलू और 38 साल के आजूका के रूप में हुई है। दोनों आरोपी नाइजीरियन को जिला अदालत में पेश किया जा चुका है, अदालत ने दोनों को 2 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस का कहना है कि वह रिमांड के दौरान दोनों नाइजीरियन से पूछताछ करेगी कि आखिरकार इतनी भारी मात्रा में हेरोइन वह कहां से लेकर आए थे और ट्राइसिटी में किस-किस जगह सप्लाई करने वाले थे। पुलिस कड़ाई के साथ दोनों नाइजीरियन से पूछताछ कर मामले की गहनता के साथ जांच करेगी।
बता दें कि शुक्रवार को पुलिस ने सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में पकड़े गए दोनों नाइजीरियन को लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस रखी थी। इस दौरान एसपी सिटी विनीत कुमार ने बताया कि यूटी पुलिस ने नशे की रोकथाम के लिए लगातार अभियान चला रखा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस आए दिन कोई ना कोई ड्रग की तस्करी करने वाले आरोपियों को लगातार काबू कर रही है। वहीं वीरवार शाम करीब 4:30 बजे थाना 39 पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर अमनजोत सिंह की सुपर विजन में एरिया में पेट्रोलिंग कर रही थी।

पेट्रोलिंग के दौरान सब इंस्पेक्टर नवीन कुमार जब अपनी टीम के साथ सेक्टर 38 ए एंड बी टर्न के पास पहुंचे तो उन्हें एक नाइजीरियन युवक पैदल जाते हुए दिखा, जिस पर उनको कुछ संदेह हुआ, जिसके चलते उसे उन्होने रोका और पूछताछ की।
इस दौरान नाइजीरियन ओबीबुल्लू की जेब में से पॉलीथिन में 207 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी नाइजीरियन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
वहीं थाना 39 पुलिस की एक दूसरी टीम सब इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह के साथ वीरवार शाम करीब 5 एरिया में पेट्रोलिंग पर थी|पेट्रोलिंग के दौरान जब पुलिस सेक्टर 39 सी एंड डी टर्न के पास पहुंची तो पुलिस को देखकर एक नाइजीरियन पीछे की तरफ मुड़ गया। जब पुलिस ने नाइजीरियन को रोक कर तुरंत पूछताछ की तो पुलिस को उसके कब्जे से 211 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया|पकड़े गए दोनों आरोपी नाइजीरियन अप्रैल 2019 से दिल्ली में रह रहे थे|

बता दें कि थाना 39 पुलिस इस साल भारी मात्रा में हेरोइन बरामद की है। थाना पुलिस ने 2018 में एनडीपीएस एक्ट के तहत हेरोइन गांजा अफीम नशीले इंजेक्शन और टेबलेट के मामले में 18 आरोपियों को पकड़ कर 17 मामले दर्ज किए थे जबकि 6 दिसंबर 2019 तक थाना 39 पुलिस हेरोइन गांजा चरस भुक्की नशीला इंजेक्शन टेबलेट के कुल 40 मामलों में आरोपियों को काबू कर 39 मामले दर्ज कर चुकी है।