बीकानेर। नोखा पुलिस थाना क्षेत्र के चरकड़ा गांव की रोही में महिला की गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने रविवार को हत्यारे को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया। एएसआई रमेश कुमार से मिली जानकारी के अनुसार महिला की हत्या उसी के प्रेमी नोखा निवासी पवन शर्मा पुत्र जीयाराम ने की।

शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी पवन कुमार हिरासत में लिया। पूछताछ में पवन शर्मा ने हत्या का जुर्म कबुल कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पवन शर्मा व मृतका के बीच करीब तीन साल से अवैध संबंध थे। जिसके चलते आरोपी का मृतका के घर पर आना-जाना रहता था। उसके बाद महिला को एक गंभीर बीमारी लग गई। जिसका पता आरोपी को लगा तो उसने महिला के पास आना छोड़ दिया। इस बीच मृतका ने आरोपी पवन शर्मा को बीस हजार रुपए उधार दे रखे, जिसकी मांग कर मृतका आरोपी को अपने पास बुलाने के लिए मजबूर करती थी। इसी मजबूरी के चलते आरोपी पवन शर्मा मृतका से परेशान रहने लगा। इस परेशानी को दूर करने के लिए आरोपी ने महिला की हत्या करने की योजना बनाई और शुक्रवार देर शाम को गला रेतकर हत्या कर दी।

एएसआई रमेश कुमार के अनुसार आरोपी महिला की हत्या करने के बाद बीकानेर के पटेल नगर स्थित एक महिला के पास चला गया। जहां से पुलिस ने ट्रैस कर गिरफ्तार कर लिया। गौरतलब रहे कि मृतका लक्ष्मी पत्नी शिवरतन ब्राह्मण का शव शुक्रवार देर शाम चरकड़ा गांव की रोही में बरामद हुआ था। प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस पता चल गया था कि लक्ष्मी की हत्या धारदार हथियार से बेरहमी से गली रेतकर की गई थी। उसके बाद मृतक के पुत्र महेन्द्र ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मां की हत्या करने का मामला दर्ज करवाया था।