सवांददाता, के,के,कुशवाहा

आगरा। फर्जी कंपनी बनाकर जीएसटी कर चोरी में भाजपा शहर अध्यक्ष भानु महाजन का नाम सामने आने के बाद काँग्रेस पूर्णजोर तरीके से भाजपा पर हमलावर हो रही है। इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस की निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के गेट पर धरना दिया और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन की गिरफ्तारी की मांग की।

धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भी निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि जीएसटी लागू किये जाने पर जब व्यापारियों ने इसका विरोध किया था तो भाजपा नेताओं का कहना था कि चोरी करने वाले व्यापारी ही इसका विरोध कर रहे है, क्योंकि इससे कर चोरी करने वाले व्यापारी और व्यवसाइयों पर शिकंजा कसेगा लेकिन भ्रष्टाचार मुक्त का नारा देने वाली भाजपा ही कितने भ्रष्टाचार में डूबी है, इसका उदाहरण भाजपा के महानगर अध्यक्ष भानु महाजन के रुप में है।

निवर्तमान जिला अध्यक्ष मनोज दीक्षित का कहना है कि भाजपा महानगर अध्यक्ष ने फर्जी कंपनी बनाकर लगभग 30 करोड़ जीएसटी की चोरी की है। जीएसटी अधिकारी से वार्ता हुई है उनका कहना है कि इस मामले के सामने आने के बाद टीम उनसे पूछताछ करना चाहती है लेकिन भानु महाजन अपने घर पर भी नहीं मिले हैं।

प्रदेश सचिव व संगठन प्रभारी मुकेश धनगर का कहना है कि भाजपा के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि अब आगे आये और भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्यवाही की बात करने वाले अपने अध्यक्ष की गिरफ्तारी की मांग करे लेकिन शायद ऐसा नहीं होगा क्योंकि भाजपा की भ्रष्टाचार की असलियत सामने आ जायेगी।