जमुई(मुकेश कुमार)।झाझा वाहन पड़ाव की बंदोबस्ती पर कोरोना की असरदार मार पड़ी।वाहन पड़ाव की बंदोबस्ती में एक भी व्यक्ति ने भाग नहीं लिया,जबकि पूर्व में इस वाहन पड़ाव की बंदोबस्ती में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती थी।गुरुवार को नगर पंचायत में वर्ष 2020-21 के पांच सैरातों की बंदोबस्ती दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी अमित कुमार रंजन की देखरेख में प्रारंभ हुई।जिसकी अध्यक्षता नगर अध्यक्ष पिंकी देवी ने की। पांचों बंदोबस्ती में से सिर्फ सब्जी बाजार की बंदोबस्ती हो पाई।बाकी चार में लोगों ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। बताया जाता है कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी झाझा वाहन पड़ाव की बंदोबस्ती सहित साइकिल स्टैंड,सब्जी बाजार एवं होर्डिग की बंदोबस्ती प्रक्रिया प्रारंभ हुई। इन दिनों कोरोना के कारण वाहन एवं रेल परिचालन बंद पड़ा हुआ है।

जिसके कारण संवेदक को लाखों का नुकसान हो रहा है।बंदोबस्ती के दौरान ही संवेदक स्व.गुरु यादव के पुत्र ने एक पत्र नगर अध्यक्ष एवं कार्यपालक पदाधिकारी को देकर कहा कि कोरोना के कारण विगत तीन माह से लाखों का नुकसान हो रहा है।इस समय वाहन ठहराव का बंदोबस्ती लेना संभव नहीं है।दूसरी ओर इस बंदोबस्ती में एक भी व्यक्ति ने रुचि नहीं ली।कार्यपालक पदाधिकारी रामाशीष शरण तिवारी ने वाहन पड़ाव सहित अन्य सभी की बंदोबस्ती की तिथि 27 जून निर्धारित की है। सब्जी बाजार की बंदोबस्ती में तीन लोगों ने भाग लिया। पीपराडीह शहर के पार्वती उर्फ पारो देवी,जितेन्द्र कुमार एवं कन्दुआ लेवार गांव के प्रेम कुमार ने भाग लेकर बोली लगाई।पार्वती देवी ने सबसे अधिक 27 हजार दो सौ की बोली लगाकर अपने नाम किया।जो एक जुलाई से 31 मार्च 2021 तक मान्य होगा। इसके अलावा नगर पंचायत के होडिग लगाने की बंदोबस्ती में दर निर्धारित नहीं रहने के कारण रद कर दिया गया। साइकिल,रिक्शा का रजिस्ट्रेशन शुल्क,राजा रंक चौक से थाना दीवार सटकर साइकिल या मोटर साइकिल या चार चक्का वाहन स्टैंड की बंदोबस्ती में कोई भी व्यक्ति भाग नहीं लिया।कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि जिसकी बंदोबस्ती नहीं हो पाई है वह 27 जून को की जायेगी।वर्तमान में नगर में वाहन पड़ाव का शुल्क नगर पंचायत द्वारा वसूला जाएगा। बंदोबस्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकार्डिग की गई।इस मौके पर नगर उपाध्यक्ष संजय यादव,पूर्व नगर अध्यक्ष संजय सिन्हा,पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।