·चुनाव में वक्त कम बचा है, जागू रहो और लागू रहो
·70 साल में पहली बार भाजपा ने कृषि उपकरणों और सामान पर लगाया टैक्स
-पूरे हरियाणा में घूम चुका, जनसमर्थन और जनभावना ने बता दिया कि आपकी अपनी कांग्रेस सरकार बनने वाली है

अनूप कुमार सैनी
रोहतक, 17 अक्टूबर। हरियाणा कांग्रेस विधायक दल के नेता और चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा आज रोहतक के महम में मौजूदा विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी आनन्द सिंह दांगी के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैं पूरा प्रदेश घूम चुका हूं। हरियाणा के कोने-कोने से मिल रहा अपार जनसमर्थन और जनभावनाएं बता रही हैं कि आपकी अपनी सरकार बनने जा रही है। चुनाव में अब समय कम बचा है इसलिये जागू रहो और लागू रहो।
उनका कहना था कि अगर थारा आशीर्वाद मिला तो इब राज भी थारा ही बनेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों को जीत सुनिश्चित होने तक सतर्क रहने और वोटकाटुओं से बचने की बात भी कही। उन्होंने मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होने की बात कहते हुए बताया कि बाकी दलों को वोट देना अपना वोट बर्बाद करने की तरह है।

पूर्व सीएम ने कहा कि थारा राज हरियाणा में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ही वापस लौटा सकता है लेकिन इसके लिए विधायकों की जरुरत होती है। महम से आनंद सिंह दांगी को दिया गया हर एक वोट भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को मजबूत करेगा और प्रदेश में आपकी अपनी सरकार बनेगी।
किसानों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राज में सबसे ज्यादा दुर्दशा किसानों की हुई है। आजादी के बाद 70 साल के इतिहास में पहली बार भाजपा सरकार ने कृषि उपकरणों, ट्रैक्टर, खाद, कीटनाशक पर टैक्स लगाकर किसानों की आर्थिक स्थिति को और बदतर बना दिया।
भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि किसान को आज एमएसपी तक नहीं मिल रही है। हमारे समय किसान कहते थे हुड्डा तेरे राज में, जीरी गयी जहाज में लेकिन भाजपा राज में किसान कह रहे हैं जीरी गयी ब्याज में। किसान एमएसपी के लिये भी दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर है। जो जीरी हमारी सरकार के समय 5500 तक बिकी, उसे आज पूरे प्रदेश में एमएसपी पर भी नहीं खरीदा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कपास का सरकारी भाव 5500 है लेकिन किसान को 4800 ही मिल रहा है। बाजरा गेंहू की एमएसपी भी नहीं मिल रही है। हमने गन्ने का भाव 110 से 310 किया था। भाजपा सरकार ने 5 साल में केवल 20 रुपये बढ़ाए हैं। इसी तरह हमारे समय खाद का भाव 800 था आज बढ़कर 1400 हो गया। जो कीटनाशक स्प्रे 200 का मिलता था, आज 1000 रुपये का पड़ता है। किसानों की आमदनी घट गयी और वो कर्ज में दब गये।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने नौकरियों के नाम पर हरियाणा के युवाओं के साथ बेहद भद्दा मजाक किया है। यहां के एमबीए, पीएचडी, एमएससी, एमसीए डिग्री वाले युवाओं को तो क्लास फोर की नौकरी में पानी पिलाने के काम में लगा दिया और बाहर के प्रदेशों के पढ़े-लिखों को बिजली बोर्ड में अफसर बनाकर एसडीओ नियुक्त करा दिया।

उन्होंने कहा कि भाजपा राज में जिस तरह नौकरियां बिकी, वैसा कभी न देखा न सुना था। भाजपा ने परचून की तरह नौकरियां बेचीं। ऐसा कोई पेपर नहीं हुआ जो लीक न हुआ है। ज्यूडिशियरी, पुलिस, टीचर, क्लर्क नायब तहसीलदार भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ। पहली बार सर्विस कमीशन के चेयरमैन को सस्पेंड करना पड़ा। कर्मचारी रंगे हाथ पैसे लेते हुए पकड़े गए। उनका कहना था कि कांग्रेस शासन के समय बेरोजगारी 2.8 प्रतिशत थी जो आज 10 गुना बढ़कर 28.7 प्रतिशत पहुंच गयी है।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि चालान के नाम पर भाजपा सरकार ने नई लूट योजना शुरु करी है। मोटरसाईकिल 15 हजार की और चालान 50 हजार का। हमारी सरकार आयी तो इस काले कानून को हरियाणा में नहीं चलने देंगे। चुनाव के चलते अभी भाजपा सरकार ने इसे हरियाणा में लागू करने से रोका हुआ है। चुनाव बीतने के बाद अगर भाजपा को दोबारा मौका मिल गया तो लोगों का भारी-भरकम चालान कटना शुरु हो जाएगा।
कांग्रेस की चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हुड्डा ने कहा कि जो हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश में नंबर एक पर था, वो भाजपा राज में अपराध में नंबर 1 बन चुका है। भाजपा सरकार ने अपराधियों के आगे घुटने टेक दिये। दलित और महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं।

उन्होंने वादा किया कि फिर से जनता का आशीर्वाद मिला तो गुंडे बदमाशों को हरियाणा में नहीं रहने देंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा ने 2014 में लम्बे-चौड़े 154 वायदे किये और पांच साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने पहले भी जो वादे किए, उनको पूरा किया था और अब जो कहा है, उसको भी पूरा करेंगे। कांग्रेस की सरकार बनते ही 24 घंटे के अंदर किसान, भूमिहीन किसान का कर्जा माफ करेंगे। पहले दिन, पहले महीने से बुजुर्गों को 5100 रुपये हर महीने पेंशन देंगे। बुजुर्ग की 58 साल और महिलाओं की 55 साल करेंगे और पेंशन के लिए खाट पर बैंक नहीं जाना होगा।
भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि सरकार बनते ही बीपीएल परिवार के घर की महिला को चूल्हा खर्च के नाम पर 2000 रुपये हर महीने देंगे। घर जाओ या ससुराल महिलाओं का हरियाणा रोडवेज में कोई किराया नहीं लगेगा। गरीब आदमी को 100-100 गज के प्लॉट देंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद सबको रोजगार देंगे और जब तक रोजगार नहीं मिलेगा, तब तक बेरोजगारी भत्ता देंगे। पोस्ट ग्रेजुएट को 10,000 ग्रेजुएट को 7000 रुपया भत्ता देंगे। एससी वर्ग के बच्चों को पहली से 12वीं तक साल का 10,000 और 12वीं से ऊपर वाले बच्चों को साल का 15000 रुपये वजीफा देंगे। कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान और पुरानी पेंशन लागू करके देंगे, एचआरए का बकाया देंगे। कच्चे कर्मचारियों को पक्का कराएंगे।