भोपाल में सरगर्मियां तेज, भाजपा-कांग्रेस के विधायक पहुंचे

नई दिल्ली। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार पुन: सियासी सरगर्मियां बढ़ गयी हैं। कांग्रेस के विधायक रविवार सुबह जयपुर से विशेष विमान से भोपाल पहुंचे तो देर रात करीबन 2 बजे भाजपा के 100 से अधिक एमएलए हरियाणा से मध्यप्रदेश पहुंच गये हैं। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने फ्लोर टेस्ट की मांग की है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने फ्लोर टेस्ट पर मीडिया से वार्ता करने से इन्कार कर दिया। राज्यपाल लालजी टंडन ने सोमवार की विधानसभा की कार्यवाही सूची में फ्लोर टेस्ट का जिक्र नहीं होने पर मुख्यमंत्री कमलनाथ को वार्ता के बुलाया। राज्यपाल ने एक पत्र लिखकर भी उनके अभिभाषण के उपरांत हाथ उठाकर फ्लोर टेस्ट पर वोटिंग करवाने के लिए कहा है। इससे पहले जयपुर से भोपाल पहुंचे कांग्रेस विधायकों का कोरोना वायरस टेस्ट भी किया गया। सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही आरंभ होनी है। वहीं सिंधिया समर्थक कांग्रेस विधायकों ने एक बार पुन: अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को भेजा है। वे सीआरपीएफ के सुरक्षा पहरे में ही एमपी लौटने को तैयार हैं।

सार्क देशों के साथ मोदी ने की चर्चा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सार्क देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिये कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए चर्चा की। उन्होंने 10 मिलियन डॉलर की सहयोग राशि भी अपने पड़ोसी देशों को देने का एलान किया। इस राशि के माध्यम से भूटान, श्रीलंका, नेपाल, अफगानिस्तान, बांग्लादेश जैसे देशों को इस महामारी से लड़ने में बल मिल सकेगा। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भाग लिया।

पाक के फिर से नापाक मंसूबे
नई दिल्ली। नरेन्द्र मोदी की पहल के उपरांत सार्क देशों का शिखर सम्मेलन कोरोना वायरस के खिलाफ एकता प्रदर्शित करने के लिए आयोजित किया गया, किंतु यहां भी पाक ने अपने नापाक मंसूबों को एक बार पुन: प्रदर्शित किया। पाक के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. जफर मिर्जा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सरकारी बयान देकर भेजा गया। इस सरकारी बयान को पढ़कर मिर्जा ने कश्मीर का एक बार फिर से जिक्र किया और कश्मीर में इंटरनेट पर लगायी गयी पाबंदी को हटाने की मांग की। हालांकि पाकिस्तानी मीडिया ने अपने स्वास्थ्य मंत्री के बयान को अपने डिजीटल प्लेटफार्म पर तवज्जो नहीं दी है। ध्यान रहे कि सरकार के दबाव में आई एक सरकारी एजेंसी नेब ने पाकिस्तानी अखबार जंग एवं जियो न्यूज के मालिक को पिछले दिनों गिरफ्तार कर लिया था। इसके उपरांत जियो न्यूज चैनल को भी बंद करवा दिया गया। जियो चैनल के बंद होने की खबर जंग अखबार ने ही दी है।

अमेरिका और चीन में विवाद गहराया
वाशिंगटन। चीनी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता के बयान के बाद अमेरिका और चीन के बीच विवाद गहरा गया है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने आज चीनी राजदूत को तलब किया और अपनी नाराजगी प्रकट की। चीनी अधिकारी झाओ लिजियन ने आरोप लगाया था कि वुहान में जो कोरोना वायरस का प्रकोप सामने आया, उसमें अमेरिकी सेना की साजिश थी। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, चीन एक वैश्विक महामारी शुरू करने और दुनिया को इस बारे में नहीं बताने में अपनी भूमिका के लिए हो रही आलोचना से ध्यान हटाना चाह रहा है। उन्होंने कहा, साजिश की झूठी कहानी फैलाना खतरनाक है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

इटली में एक दिन में 400 से ज्यादा मौत
रोम। चीन के वुहान शहर से निकली कोरोना नामक महामारी ने इटली में काल का रूप धारण कर लिया है। इटली में 1809 लोगों की मौत हो गयी है। पिछले 24 घंटों के दौरान लगभग 400 लोगों ने जिंदगी से संघर्ष करते हुए दम तोड़ दिया। कोरोना वायरस के कारण विश्व में होने वाली मौत का एक दिन का सबसे बड़ी संख्या है। इटली की समाचार एजेंसी, इंडीपेंडेंट ने बताया है कि इटली में लॉक डाउन है। एक करोड़ से ज्यादा लोगों को उत्तरी इटली में लोगों को घरों में कैद कर दिया गया है। पूरे देश में बाजार, कॉफी हाउस, सिनेमाघर, होटल, स्कूल-कालेज बंद हैं। इटली सरकार ने बुजुर्गों को उनके हाल पर छोड़कर युवाओं के स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान देने के लिए चिकित्सकों को कहा है। इससे गैर मानवता को संदेश दुनिया को मिल रहा है। वेटिकन में सेंट पीटर स्क्वायर पर पोप फ्रांसिस के प्रवचन सुनने के लिए आज पहुंचने वाले लोगों की संख्या शून्य थी। चर्च घर भी रविवार के बावजूद बंद रहे।

फ्रांस में 29 और मौत, संख्या 120 हुई
पेरिस। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यूरोप को कोरोना का केन्द्र बताया है। यूरोपीय देशों में कोरोना तेजी से महामारी का रूप धारण करता जा रहा है। फ्रांस में भी रविवार को 29 लोगों की मौत हो गयी और मरने वालों की संख्या 120 हो गयी है।
फ्रांस के स्वास्थ्य मंत्री ओलिवियर वेरन ने कहा, हमारे क्षेत्र में वायरस का प्रसार तेजी से हो रहा है, विशेष रूप से कुछ क्षेत्रों में।

जर्मन अपनी सीमाओं को बंद करेगा
बर्लिन। जर्मनी में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 5500 से अधिक पहुंचने के बाद वह यूरोपीय देशों के साथ लगती अपनी सीमाओं को बंद करेगा। यह कार्य आज सोमवार से ही आरंभ कर देगा। आंतरिक मंत्री होर्स्ट सीहोफ़र ने रविवार शाम को पत्रकारों को जानकारी दी कि फ्रांस, ऑस्ट्रिया, स्विट्जरलैंड, लक्समबर्ग और डेनमार्क के साथ लगती सीमाओं को बंद कर दिया जायेगा।

मनीला से 250 नागरिकों को सउदी अरब ने निकाला
नई दिल्ली। सउदी अरब ने रविवार को फिलिपिन्स की राजधानी मनीला में फंसे अपने 250 लोगों को एयर लिफ्ट किया है। इसकी जानकारी देते हुए गल्फ न्यूज ने बताया कि मनीला को लॉक डाउन कर दिया गया है। विदेश से आने-जाने वाले विमानों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। इस बीच सउदी अरब ने मनीला में फंसे अपने नागरिकों को विशेष विमान से स्वदेश वापसी सुनिश्चित की है।

चीन में जन-जीवन पटरी पर लोटने लगा
बीजिंग। कोरोना वायरस का जन्मदाता कहे जाने वाले चीन में जन-जीवन पटरी पर लौटने लगा है। चीनी मीडिया ने युवाओं की नैशनल हाइवे पर साइकिलिंग करते हुए फोटो रिलीज किये हैं और दावा किया है कि 1 हजार से ज्यादा राजकीय राजमार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर लगाये गये प्रतिबंध को हटा लिया गया है। बाजार और सिनेमा घर खुलने लगे हैं। दो माह से यहां जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। चीन में 80 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाये गये थे।

नार्वे के बॉर्डर को फ्रीज करेगा रूस
मास्को। रूस ने रविवार को घोषणा की है कि वह नावे और कुछ अन्य पड़ोसी देशों के साथ अपने बॉर्डर को पूर्णत: बंद कर देगा। चीन के साथ बॉर्डर को पूर्व में ही बंद किया जा चुका है। यूरोपीय देशों में फैले कोरोनो वायरस को देखते हुए राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन ने उच्चस्तरीय बैठक की और एक त्वरित कार्यदल बनाने की भी घोषणा की। समाचार एजेंसी इतरतास का कहना है कि रूस की नजर अपने पड़ोसी देशों पर है।

पाक में 19 नये रोगी सामने आये, संख्या 50 के पार
इस्लामबाद। पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को ही 19 नये रोगी सामने आने से पॉजिटिव पाये गये रोगियों की संख्या 54 हो गयी है। पाक शासित पंजाब में भी एक रोगी संक्रमण से पीड़ित पाया गया है। वहीं सिंध में सर्वाधिक 35 रोगी सामने आ चुके हैं। हालात के विकट होने के बावजूद पाक प्रधानमंत्री ने रविवार को सार्क देशों के शिखर सम्मेलन में भाग नहीं लिया था।