प्रशांत कुमार/सुपौल(ओम एक्सप्रेस ब्यूरों)

जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत जदिया ग्राम में सोमवार को अखिल भारतीय भ्रमणशील धर्मयज्ञ भगैत महासभा के तत्वावधान में धर्म सभा का आयोजन किया गया। जिसमें सर्व सम्मति से सेवानिवृत शिक्षक जागेश्वर प्रसाद यादव को महंथ घोषित किया गया। विधिविधान पूर्वक शपथ ग्रहण कराने के तत्पश्च्यात महंथ की जिम्मेदारी सौंपी गई। धर्मसभा को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय लोकगाथा भगैत महासभा के प्रवक्ता डॉ. अमन कुमार ने कहा कि दुनियाँ का हर धर्म आपस में मानवता का पाठ पढ़ाते हैं। धर्म आपसी सदभाव एवं एकता का प्रतीक है।विश्व कल्याण एवं सामाजिक एकता को बढ़ाना विश्व के सभी धर्मों की स्थापना का मूल उदेश्य है। धर्म ही व्यक्ति को एक इंसान बनाता है। ईमानदारी अपनाकर सत्य के मार्ग पर चलते हुए दूसरों की मदद करना ही धर्म है। डॉ. कुमार ने कहा कि हिन्दुस्तान में कई धर्म है।

फिर भी आपसी भाईचारा और राष्ट्र के प्रति समर्पण व अनेकता में एकता भारत की पहचान है। सभी धर्मों से बड़ा है राष्ट्र धर्म। हिन्दुस्तान के आन-बान और शान के लिए सबों को सदैव तत्पर रहना चाहिए। कहा कि धर्मों का अनुसरण करने से मानव का ह्रदय निर्मल हो जाता है। फिर उस स्थिति में करुणा जन्म लेती है। करुणा के कारण दया व क्षमा का भाव जागृत होता है। इन दोनों गुणों के कारण मानव, मानव से प्रेम करने लगता है। दूसरों को दुःख से निकालने की कोशिश करने लगता है। सभी धर्मों के पाखंडों के कारण देश में साम्प्रदायिक दंगा व फसाद हो रहा है। समाज में जहर घोलने वाले से परहेज रहने की जरुरत है। भगैत का सबसे बड़ा महानायक बाबा धर्मराज है। इसकी मूल भावना वसुधैव कुटुंबकम् के पवित्र उदेश्य पर आधारित है । कोरोना वायरस का जिक्र करते हुए डॉ कुमार ने कहा कि इसके कारण संसार में हलचल बढ़ गई है। इस मामले में सरकार भी सतर्क है और आम-आवाम को भी सतर्क रहने की जरुरत है। कोरोना वायरस का मुख्य लक्षण सर्दी, खाँसी, बुखार, गले में खरास, सिर दर्द है। ये किडनी को नुकसान पहुँचाने के साथ-साथ फेफड़ों को भी संक्रमित करता है। संक्रमण के जरिए एक से दुसरें व्यक्ति तक पहुँचता है। संक्रमित व्यक्ति के खाँसने व छिकने से हवा द्वारा भी फैलता है।

संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने, छूने व हाथ मिलाने से व्यक्ति संक्रमित हो जाता है। खाना खाने से पहले व समय-समय पर हैंडवाश या साबुन से हाथ धोते रहे। मास्क का उपयोग करे। दिक्कत आने पर डाक्टरी परामर्श लें। लोगों को इस बीमारी से बचने के लिए जागरूक रहने की आवश्कता है। नव मनोनीत महंथ जागेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि धर्म प्रेमियों ने जिस आशा व उम्मीद के साथ मुझे जिम्मेदारी दी है उस पर शत-प्रतिशत खड़ा उतरने का कार्य करेंगे। लोकगाथा भगैत समाज की किसी वर्ग, जाति, धर्म, क्षेत्र या व्यक्ति विशेष से संबंधित नहीं है बल्कि सम्पूर्ण समाज की धरोहर है। उप महंथ सिकेन्द्र यादव ने कहा कि भगैत जन-जन की मूलभूत पूंजी है।कोशी व मिथिला के माटी के कण -कण भगैत समाया हुआ है।वार्षिक सभापति ब्रह्मदेव यादव ने कहा कि भगैत भारतीय संस्कृति व सभ्यता का सबसे बड़ा दर्शन है। उपमहामंत्री शत्रुघन प्रसाद यादव ने कहा कि धर्मराज की कथा सुनने, सुनाने व अमल करने के बाद इंसान स्वर्ग जाते है।

धर्म सभा में सचिव सत्यनारायण यादव, कोषाध्यक्ष धनिकलाल यादव, संयोजक -सह -मंत्री देव नारायण यादव, मासिक सभापति कुलानन्द यादव, उमेश यादव, अनंत यादव, कर्पूरी यादव, महात्मा गजेन्द्र यादव, धनिकलाल यादव, कारी यादव, विष्णुदेव यादव, रामचरण यादव, सत्यनारायण यादव, सागर प्रसाद यादव, कुलानन्द यादव,रूद्र नारायण यादव आदि उपस्थित थे।