अनूप कुमार सैनी

रोहतक। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कार्यकर्त्ताओं से 75 प्लस के लक्ष्य को लेकर जनसम्पर्क अभियान में जुट जाने का आह्वान किया है और कहा है कि विधानसभा चुनाव में तीन महीने का समय शेष है और इस समय अवधि में कार्यकर्त्ताओं को नींद व आराम को त्यागकर डटकर मेहनत करनी होगी। मुख्यमंत्री आज सिघांसन बैंक्वट हॉल में आयोजित पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि चुनाव को चुनाव समझकर ही चुनाव मैदान में उतरना होगा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों को लेकर ओवर कोन्फिडेंस होने की जरूरत नहीं है। इस संबंध में उन्होंने उदाहरण देकर भी कार्यकर्त्ताओं को बताया कि किस प्रकार से अति उत्साह नुकसान दायक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई दो-राय नहीं है कि भाजपा के पक्ष में एक बेहतर वातावरण है लेकिन हर चुनाव अपने आपमें एक अलग तरह का चुनाव होता है। विधानसभा चुनाव में प्रदेश से जुडे हुए विषयों को लेकर कार्य करना होगा।
सीएम ने कहा कि यह बात भी सत्य है कि संगठन की मजबूती के मामले में भाजपा ने दूसरें दलों को बुरी तरह से पछाड़ दिया है। भाजपा का संगठन 1951 से कार्य कर रहा है और कार्यकर्त्ता एकदम निपुण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 20 हजार बूथ है और अधिकांश बूथों पर पार्टी की इकाईयां गठित है। जो शेष बचे हैं, उन पर भी इकाईयां गठित की जानी है।
संगठन से एक मशीनरी तैयार होती है और उसके माध्यम से ही एक-एक व्यक्ति तक पहुंचा जाता है। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुख की व्यवस्था को और भी मजबूत बनाया जाएगा। लोकसभा चुनाव में हरियाणा प्रदेश में पहली बार पन्ना प्रमुख का प्रयोग किया गया और इसमें बड़ी सफलता मिली। प्रत्येक पन्ना प्रमुख को साठ मतदाताओं से सम्पर्क करना होगा।

gyan vidhi PG college
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राज्य सरकार द्वारा बनाई गई योजनाएं काफी लोकप्रिय हुई है और इन योजनाओं को लेकर समाज में उत्साह भी पैदा हुआ है। हरियाणा के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब राज्य सरकार ने क्षेत्रवाद, जातिवाद व वर्गभेद से उपर उठ कर योजनाएं बनाई गई व लागू की गई जबकि विपक्षी दलों ने सत्ता में रहते हुए जाति, धर्म व क्षेत्र के आधार पर बांटकर कार्य किए और अपना वोट बैंक खड़ा करने का प्रयास किया।
खट्टर ने कहा कि फ्लोटिंग जनमत को भाजपा के पक्ष में स्थाई बनाने के लिए भी कार्यकर्त्ताओं को जी जान से मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी के साथ जुड़ता है उसके सम्मान में कमी न छोड़ी जाये। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी में शामिल होने वाले लोगों को आगाह किया कि भाजपा एक ऐसा दल है, जिसमें ऊपर बैठा कार्यकर्त्ता नीचे वाले तक और नीचे वाला कार्यकर्त्ता उपर वाले पर पेनी नजर रखता है। इसलिए जो स्वार्थ लेकर पार्टी में आएगा, उसकी जल्द ही पहचान हो जाती है।
राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इज ऑफ डूईंग बिजनेस नीति के तहत एक ही छत के नीचे से 45 दिन के अन्दर प्रमाण पत्र मिल जाते हैं। सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में लगभग एक लाख सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं जबकि तीन लाख 90 हजार नौकरियां निजी उद्योगों में दी गई है। कौशल विश्वविद्यालय के माध्यम से हर साल 12 हजार युवा रोजगार के लिए तैयार किए जा रहे हैं।

OmExpress News
सीएम ने दावा किया है कि प्रदेश के 3600 गांवों में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। राज्य में बिजली की कोई कमी नहीं है। बिजली कम्पनियां भी लाभ में आ गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग व राज्य राजमार्गों पर कोई भी रेलवे फाटक नहीं रहने दिया जाएगा। प्रदेश के सभी शिवधामों (श्मशानघाट) के रास्ते, चार दिवारी व शैड बनाने का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की दूसरी पारी के पांच सालों में सुरक्षा, शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष फोकस किया जायेगा। बीमार होने के कारणों को दूर करने के लिए वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का हर नागरिक निरोगी रहे। सरकार ने आयुर्वेद के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार की जल ही जीवन योजना के तहत लक्ष्य रखा गया था कि 50 हजार हेक्टर क्षेत्र में धान की बिजाई न की जाए। 40 हजार हेक्टर के किसान सरकार की इस योजना पर सहमत हुए है और उन्होंने धान की बिजाई न करने का निर्णय लिया है। गिरते भू-जल स्तर पर भी चिंता करना हरेक नागरिक की जिम्मेदारी है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि पार्टी की अधारशिला संघर्ष और बलिदानों पर टीकी हुई है। यहां तक पहुंचने में पार्टी ने कई तरह के उतार चढ़ाव झेले हैं। वर्ष 1984 में तब पार्टी को दो सीटे मिली थी तब भी अटल बिहारी वाजपेयी व लाल कृष्ण आडवाणी विचलित नहीं हुए थे। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने जीत का रिकॉर्ड कायम किया है। पार्टी की विचाराधारा की वजह से ही अभूतपूर्व सफलता मिली है।
उन्होंने कार्यकर्त्ताओं से कहा कि विधानसभा चुनाव में भी धैर्य व विश्वास के साथ काम करना होगा। पहले परिवार तंत्र, लठ तंत्र व जाति तंत्र चलाया जाता था, लेकिन अब भाजपा ने राजनैतिक लोकतंत्र स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च सरकार व सर्वोच्च पार्टी बनाया जाना शेष है। प्रदेश को सर्वोच्च पर ले जाने के लिए धैर्य व विश्वास की जरूरत है। एक बड़ी टीम, दृष्टि व दिशा हमारे साथ है।
बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जुलाई को सदस्यता अभियान का शुभारंभ करेंगे। पार्टी के आईटी प्रमुख अरूण यादव ने ऑनलाईन सदस्यता अभियान के बारे में जानकारी दी।


शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने लोसकभा चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत पर बैठक में अभिनंदन एवं धन्यवाद प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि पीछले चुनाव में पार्टी की जीत का आंकड़ा 282 था, जो बढ़ कर 303 हो गया है। यह सब मतदाताओं के आशीर्वाद व कार्यकर्त्ताओं की अथक मेहनत से हुआ है।
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन किया। कार्यकर्त्ताओं व मतदाताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की पूंजी है और ऐसी पूंजी दूसरे दलों के पास नहीं है।
केंद्रीय मंत्री रतनलाल कटारियां ने भी धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन किया और कहा कि भाजपा की सरकार ही आतंकवादियों को सबक सीखाने का कार्य कर सकती है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में ही भारत को एक महान राष्ट्र बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में सभी नवनिर्वाचित सांसदों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर पार्टी की राष्ट्रीय सचिव सुधा यादव, पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, जिला अध्यक्ष अजय बंसल सहित पार्टी के सभी सांसद, मंत्री, विधायक, जिला महामंत्री धर्मबीर शर्मा व सतीश आहुजा, जिला मीडिया प्रभारी शमशेर खरक व सह मीडिया प्रभारी मनोज मक्कड़ व पदाधिकारी मौजूद थे।

पार्टी चलाएगी सर्व स्पर्शी सदस्यता अभियान-बराला

हर्षित सैनी
रोहतक। भारतीय जनता पार्टी द्वारा सर्व स्पर्शी सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। मौजूदा समय में हरियाणा में पार्टी के 33 लाख सदस्य है और सदस्यता अभियान में कम से कम 20 प्रतिशत की बढोतरी की जानी है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला आज पार्टी प्रदेश कार्य समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा मंडल स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी। प्रदेश में 290 मंडल है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को तीन-तीन विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है और एक विधानसभा क्षेत्र के तहत तीन से चार मंडल आते हैं।


बराला ने कहा कि जनसम्पर्क के तहत प्रदेश में रथ यात्रा निकाली जाएगी। रथ यात्रा का संयोजक साांसद एवं पार्टी महामंत्री संजय भाटिया को बनाया गया है। इस समिति में मंत्री कृष्ण बेदी, सांसद नायब सैनी, विधायक कमल गुप्ता, पार्टी उपाध्यक्ष जेपी दलाल व अरविंद यादव को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में एक विजन डॉक्यूमेंट कमेटी कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में गठित की है। पार्टी के महासचिव वेदपाल एडवोकेट को इस कमेटी का सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा कमेटी में सांसद बृजेंद्र ङ्क्षसह, मंत्री कृष्ण पंवार, रामचंद्र जांगड़ा, राजीव जैन, गार्गी ककड़, रणबीर गंगवा व नीरा तोमर को शामिल किया गया है। यह कमेटी चुनाव में जाने के लिए एक दस्तावेज तैयार करेगी।
रथ यात्रा के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में सुभाष बराला ने कहा कि रथ यात्रा सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी और एक दिन में पांच से छह विधानसभा क्षेत्र कंवर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर पार्टी के नेता एक सप्ताह के लिए विस्तारक के रूप में कार्य करेंगे। इसके साथ ही पन्ना प्रमुुखों के कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।
प्रैस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, महामंत्री वेदपाल एडवोकेट, सूरजपाल अम्मू, प्रदेश सहमीडिया प्रभारी रणबीर घणघस, जिला मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, जिला सह मीडिया प्रभारी मनोज मक्कड़ सहित आदि मौजूद रहें।