पुलिस मुख्यालय के वेब पोर्टल पर जानकारी कर सकेंगे साझा

जयपुर । प्रदेश में पुलिस और जनता के बीच बेहतर सम्बन्ध एवं समन्वय स्थापित करने के लिए पुलिस मुख्यालय अत्यंत संजीदा है। पुलिस द्वारा अपनाए जा रहे नवाचारों में अब राजस्थान पुलिस अनसुलझे व अनट्रेस मामलों में जनता का सहयोग लेने जा रही है।
महानिदेशक पुलिस श्री भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राज्य में गठित सभी प्रकार के अपराधों के प्रति अत्यंत गंभीर है। आमजन बिना भय के अपराधों की जानकारी पुलिस से साझा कर सके, इसके लिए राजस्थान पुलिस के वेब पोर्टल पर यह सुविधा प्रारम्भ की गई है। पोर्टल पर अपराध की रिपोर्टिंग के लिए दो विकल्प मौजूद है…..

1. Solve A Crime…
यहां प्रदर्शित अपराध के बारे में जानकारी दी जा सकती है।
2. Submit A Tip….
यहाँ अन्य किसी भी अपराध के बारे में जानकारी साझा की जा सकती है।

डीजीपी ने बताया कि राज्य के वे मामले जो अभी तक अनसुलझे है ऐसे मामलों में आमजन के सहयोग की अपेक्षा में राजस्थान पुलिस के वेब पोर्टल पर “अपराध सुलझाए” (solve a crime) नाम से एक लिंक बनाया गया है। जहां प्रदर्षित जघन्य अनसुलझे अपराध मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जा सकती है।
इस लिंक में केवल प्रदर्शित केस संबंधी जानकारी प्रदान की जा सकती है। यदि आम जन के पास इसके अलावा किसी अन्य अपराध के बारे में कोई सामान्य जानकारी है, तो “सबमिट टिप” के विकल्प का उपयोग करें। यह सुविधा नागरिकों के लिए उनके आसपास के क्षेत्र में होने वाले किसी भी गंभीर अपराध को गुमनाम रूप से दर्ज करने के लिए बनाई गई है।
*गुमनाम रहकर भी दे सकते है जानकारी*
दोनों ही विकल्पों में नागरिकों के पहचान के विवरण की आवश्यकता नहीं है। इसलिए जिस भी नागरिक के पास अपराधों के सम्बंध में कोई प्रासंगिक जानकारी है, निश्चिंत होकर पुलिस के साथ साझा कर सकते है।
नागरिक अपराध से संबंधित सूचनाओं का अब स्वतंत्र रूप से संचार कर सकते हैं। इसमें उनके द्वारा दी गई महत्‍वपूर्ण जानकारी पूर्णरूपेण गोपनीय है।
———–