बीकानेर, 07 जनवरी। इलाहाबाद (प्रयागराज)-जयपुर दैनिक ट्रेन का बीकानेर तक विस्तार कर दिया गया है। यह जानकारी रेलमंत्री पीयूष गोयल ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को एक पत्र के माध्यम से दी है। यह ट्रेन प्रयागराज, मथुरा, गोवर्धन होते हुए जयपुर पहुंचती है इसे अब सीकर-रतनगढ़-चूरू होते हुए बीकानेर तक विस्तार किया जा रहा है। जानकारी में रहे कि पिछले समय से इस ट्रेन के विस्तार को लेकर रेलयात्री सेवा सुविधा समिति अध्यक्ष वेदप्रकाश अग्रवाल ने रेलमंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा था। अग्रवाल ने बताया कि पूर्व में इस सम्बन्ध में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के साथ परिचर्चा करते हुए व्यापारियों ने अपनी-अपनी बात कही थी। वर्तमान में बीकानेर से मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, गिरिराजजी (जतिपुरा) के लिए बहुतायत में यात्री दर्शनार्थ जयपुर होते हुए जाते हैं लेकिन बीकानेर से सीधा रेल सम्पर्क नहीं होने के कारण रेलवे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अग्रवाल ने प्रयागराज, मथुरा से बीकानेर रेल मार्ग जोडऩे पर केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल समेत भारतीय रेलवे का आभार जताया।