– पहली बार महिला चेयरपर्सन
कानपुर।सुशीला सिंघानिया के अलावा राघवपत सिंघानिया को जेके सीमेंट के नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि उनके भाई माधवकृष्ण सिंघानिया को कंपनी के उप प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुशीला सिंघानिया को मिली जेके सीमेंट की कमान
देश की दिग्गज सीमेंट कंपनी जेके सीमेंट की कमान यदुपति सिंघानिया की मां सुशीला सिंघानिया को सौंपी गई है। कुछ दिन पहले ही जेके ग्रुप के चेयरमैन यदुपति सिंघानिया का लंबी बीमारी के बाद सिंगापुर में निधन हो गया था। सुशीला सिंघानिया के अलावा राघवपत सिंघानिया को जेके सीमेंट के नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि उनके भाई माधवकृष्ण सिंघानिया को कंपनी के उप प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं यदुपति सिंघानिया की पत्नी कविता सिंघानिया को जेके सीमेंट का निदेशक बनाया गया है। ये फैसले जेके सीमेंट की बोर्ड आफ डायरेक्टर्स की बैठक में लिए गए।

सोमवार को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में सुशीला सिंघानिया को चेयरपर्सन की जिम्मेदारी दी गई। इससे पहले सुशीला सिंघानिया जेके सीमेंट की निदेशक थी। यदुपति सिंघानिया लंबे समय से बीमार चल रहे थे और 13 अगस्त को सिंगापुर में उनका निधन हो गया था। देश के कोने-कोने तक जेके सीमेंट को पहुंचाने का श्रेय यदुपति सिंघानिया को ही दिया जाता है। दुनिया की तीसरी बस सबसे बड़ी वाइट सीमेंट कंपनी के मुखिया के तौर पर काम करने वाले यदुपति सिंघानिया ने आईआईटी कानपुर सेठ टेक्नोलॉजी में बैचलर्स डिग्री हासिल की थी।
इसके बाद यदुपति सिंघानिया अपने फैमिली बिजनेस से जुड़ गए। यदुपति सिंघानिया को सीमेंट किंग के नाम से भी जाना जाता था। भारतीय अर्थव्यवस्था में सीमेंट को एक बड़ा कारोबार बनाने में यदुपति सिंघानिया का अहम योगदान माना जाता है। अब जेके सीमेंट की कमान यदुपति सिंघानिया की मां सुशीला सिंघानिया के हाथों में आ गई है। जेके सीमेंट 45 साल से ज्यादा ‌समय से सीमेंट के क्षेत्र में काम कर रही है । कंपनी ने अपना पहला ग्रे सीमेंट प्लांट 1975 में राजस्थान के निम्बाहेड़ा लगाया था।
यदुपति सिंघानिया के नेतृत्व में जेके सीमेंट ने सीमेंट प्लांट्स की संख्या बढ़ाने और नई तकनीक अपनाने पर जोर दिया। खुद यदुपति सिंघानिया ने भारत समेत दुनिया के कई जगहों पर जाकर सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में काम देखा। वहां नई तकनीक को समझा और फिर प्लांट्स की संख्या बढ़ाने और तकनीक को अपनाने का काम किया। यदुपति सिंघानिया को देश के उन कारोबारियों में माना जाता था जिन्हें खुद बिजनेस से लेकर तकनीक तक की पूरी जानकारी थी। उनके नेतृत्व के कारण आज जेके व्हाइट सीमेंट की दुनियाभर में पहुंच है। व्हाइट सीमेंट के उत्पादन में जेके सीमेंट दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक है।