जयपुर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों का वितरण आज राजकीय राजारामदेव पोदृदार उच्च माध्यमिक विद्यालय से हुआ। सशस्त्र गार्डों की निगरानी में 70 बसों से प्रश्न पत्रों को थानों में भेजा गया। जिला शिक्षा अधिकारी रामचंद्र पिलानिया ने बताया कि जयपुर जिले में 557 परीक्षा केन्द्रों पर कक्षा 10 और 12 की परीक्षा होगी। उन्होंने बताया कि 2 परीक्षा केन्द्रों के पेपर ट्रेजरी में रखे जाएंगे, इन्हें 8 मार्च को नोडल केन्द्रों को दिया जाएगा। अन्य सभी केन्द्रों के प्रश्न पत्रों का आज वितरण किया गया।

जयपुर जिले में 2 लाख 34 हजार विद्यार्थी कक्षा 10 और 12 की परीक्षा के लिए पंजीकृत किए गए हैं। परीक्षा के लिए जिले में 9 फ्लाइंग स्कवायड और पेपर कॉर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं। जयपुर जिले में करीब 11 हजार से अधिक शिक्षक इन परीक्षाओं में वीक्षक व अन्य कार्यों में लगाए गए हैं।सभी प्रश्न पत्र थानों में रखवाए गए हैं। इसके साथ ही 3 नोडल केन्द्र ऐसे हैं जहां थाना पास नहीं होने की स्थिति में नोडल केन्द्र पर ही प्रश्न पत्र रहेंगे। यहां 12 स्कूलों के पेपर रहेंगे।

इन नोडल केन्द्रों पर दो होमगार्ड के जवान, 2 शिक्षक और 2 सहायक कर्मचारी 24 घंटे उपस्थित रहेंगे।ये रहेगा परीक्षा कार्यक्रम कक्षा 12 की परीक्षाएं 5 मार्च से शुरू होंगी। सीनियर सैकण्डरी परीक्षा में 8 लाख 65 हजार 895 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं, इनमें 8 लाख 53 हजार 995 परीक्षार्थी नियमित और 11 हजार 959 परीक्षार्थी स्वयंपाठी हैं। इस वर्ष सीनियर सैकण्डरी कला वर्ग में 5,92,605, वाणिज्य वर्ग में 36,557, विज्ञान वर्ग में 2,04,681 और कृषि वर्ग में 32,052 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं। सैकण्डरी की परीक्षा 12 मार्च से शुरू होंगी। सैकण्डरी की परीक्षा में 11 लाख 79 हजार 38 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए हैं। प्रदेश के 5680 परीक्षा केन्द्रों पर कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं होंगी।