लख़नऊ /कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के उत्तर प्रदेश में इन दिनों बेहद सक्रिय होने के बाद अब बसपा मुखिया मायावती ने भी पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देश दिया है। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उत्तर प्रदेश में हिंसा के दौरान मारे गए लोगों के परिवार को सांत्वना देने बिजनौर के बाद मेरठ पहुंची प्रियंका गांधी की सक्रियता से बहुजन समाज पार्टी में बेचैनी बढ़ी है।बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अधय्क्ष मायावती ने बसपा के प्रदेश अध्यक्ष मुनकाद अली को उत्तर प्रदेश में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के दौरान हिंसा में मारे गए लोगों के परिवार के लोगों से भेंट करने के लिए अधिकृत किया है। बसपा मुखिया मायावती ने कहा कि सीएए तथा एनआरसी के विरोध में हुए प्रदर्शन के दौरान जहां भी लोग मारे गए हैं, वहां पर बसपा प्रदेश मुनकाद अली जाकर पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ पीडि़त परिवार से मिलें व उन्हें सांत्वना दें कि इस दु:ख की घड़ी में पार्टी उनके साथ है।पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीम आर्मी के बढ़ते प्रभाव के कारण बसपा मुखिया मायावती अलर्ट पर हैं।

भीम आर्मी के मुखिया चंद्रशेखर के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली मायावती ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी की सक्रियता को और मजबूती देने का प्रयास किया है। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी के मेरठ पहुंचने से पहले ही मायावती ने मुनकाद अली को संबोधित एक ट्वीट किया है। उनके इस ट्वीट के कई मायने निकाले जा रहे हैं। मायावती अपनी पार्टी की हर इकाई को बेहद सक्रिय रखने का निर्देश जारी करती हैं।