हर्षित सैनी
रोहतक, 7 मार्च। किसान चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में 25 मार्च से 27 मार्च तक जाट शिक्षण संस्थान के मैदान में किसान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी पूर्व केंद्रीय मंत्री चौ. बीरेंद्र सिंह ने आज छोटूराम धर्मशाला में प्रेस कांफ्रेंस में दी।
उन्होंने बताया कि इस किसान महोत्सव में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल प्रमुख तौर पर मौजूद रहे। साथ ही देश भर के जाने-माने कृषि विशेषज्ञों को महोत्सव में बतौर वक्ता आमंत्रित किया गया है। इस महोत्सव के दौरान किसानों की आमदनी बढ़ाने के बारे में चर्चा की जाएगी। साथ ही कृषि से जुड़ी प्रदर्शनी का आयोजन भी होगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किसान को देश की अर्थव्यवस्था का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन दिन के दौरान अलग-अलग विषयों पर कुल 18 सत्र होंगे। आरगेनिक खेती पर भी चर्चा होगी और युवाओं की कृषि में भूमिका को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि किसानों के लिए किसान एक्सचेंज बनाया जाए ताकि उन्हें फसलों के भाव और मार्केट की दिशा के बारे में पता चल सके।