हर्षित सैनी
रोहतक, 14 नवम्बर। अपने जादुई कारनामों से दुनिया के लाखों लोगों को चकित और आनंदित कर चुके सुपर स्टार जादूगर अजूबा नए-नए जादुई करतब लेकर रोहतक आ गए हैं और पुराना बस स्टैंड के पास रामलीला ग्राऊंड हॉल में उनके कार्यक्रम 15 नवंबर की शाम से शुरू होने जा रहा है।

आज प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जादू हमारे देश की प्राचीनतम कला है, जिसे आज संरक्षण की जरूरत है। अब तक अनेक अवार्ड्स और पुरस्कारों से सम्मानित यमुनानगर हरियाणा के निवासी जादूगर अजूबा ने बताया कि जादू एक कला है और तंत्र मंत्र भूत प्रेत से इसका दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। लोगों को अंधविश्वास से बचाना उनके जादुई मिशन का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होने बताया कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि नए नए करतब प्रस्तुत कर दर्शकों का स्वस्थ मनोरंजन किया जाए और इस बार अनेक नए करतब उनके जादुई शो के आकर्षण होंगे जैसे वाटर मैजिक, लड़की को टुकड़ों में काट कर जोड़ना, लड़की को हवा में उड़ाना, जिंदा लड़की के शरीर को दो टुकड़ा कर देना आदि अनेक ऐसे करतब हैं, जो रोहतक में पहली बार दिखाए जाएंगे।

जादूगर अजूबा ने बताया कि यहां रोज़ाना दो शो 1:15 बज़े, और शाम 6:15 बज़े से शुरू होंगे। रविवार को तीन शो 1:15 बजे, 4:15 बजे और 6:15 बजे होंगे जबकि स्कूल के बच्चों के लिए भी स्पेशल शो प्रदर्शित होंगे। हर शो दो घंटे का होगा जिसमें रहस्य रोमांच और हास्य से भरे दर्जनों तरह के कारनामे शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि एडवान्स टिकट बुकिंग सुबह 10 बजे से ही रामलीला ग्राउंड हॉल पर शुरू हो जाया करेगा ताकि लोगों को असुविधा न हो। प्रेस वार्ता के दौरान जादूगर अजूबा के पी आर ओ मदन भारती भी उपस्थित रहे। जादूगर अजूबा ने प्रेस वार्ता के दौरान कई रोमांचक जादुई करतब भी दिखाए।