हरियाणवी सभ्यता व संस्कृति को सहेजेगा महिला जाट मंच
हर्षित सैनी
रोहतक, 1 नवम्बर। महिला जाट मंच द्वारा आज स्थानीय जाट भवन में हरियाणा दिवस सम्मेलन का आयोजन कर हरियाणा को उसके हक अलग हाईकोर्ट तथा अलग राजधानी की मांग को बुलन्द किया गया।
महिला जाट मंच की कोर्डिनेटर संतोष गोछी ने कहा कि जब तक हमारे हरियाणा के सभी अधिकार नहीं मिल जाते तब तक महिला जाट मंच संघर्षरत रहेगा। इस अवसर पर पूरे प्रदेश से आई जाट महिलाओं ने एकजुट होकर अपनी हरियाणवी सभ्यता व संस्कृति को सहेजने की हुंकार भी भरी।

डॉ. संतोष गोछी ने कहा कि हरियाणा से डस्ट बाऊल से ग्रीन बाऊल तक का सफर बड़ी मेहनत से किया है। भारत के विभाजन के बाद भारत में आने वाले पंजाब को पूर्वी पंजाब कहा जाता था। इसमें दो ही डिवीजन जालंधर तथा अंबाला थे।
सबसे पहले दोनों डिवीजनों में मंत्रिमंडल में समान प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर प्रो. शेर सिंह, चौ. सूरजमल, चौ. देवीलाल के भाई साहब राम, समर सिंह, जगदीश चन्द्र और रत्न सिंह आचार्य कृपलानी से मिले परन्तु वहां इनकी बात नहीं बनी। सन 1949 में सच्चर सरकार बनी और उसमें पंजाबी भाषा क्षेत्र, हिन्दी भाषा क्षेत्र व द्वि भाग क्षेत्र का फार्मूला बनाया गया, पर इसका भी भारी विरोध हुआ। सन 1955 में एक उप समिति का गठन हुआ जिसमें धर्मवीर वशिष्ठ, मूलचन्द जैन, चौ. देवी लाल और प्रो. शेर सिंह सदस्य बने। उन्होंने विशाल हरियाणा अथवा महा दिल्ली की मांग की।

डॉ. संतोष गोछी ने कहा कि 1957 में हिन्दी रक्षा समिति का हिन्दी रक्षा को लेकर तीव्र आन्दोलन हुआ। जिसमें 9000 के करीब आन्दोलनकारी गिरफ्तार हुए तथा कई सत्याग्रही शहीद हुए। आचार्य भगवान देव का आह्वान था कि हरियाणा के वीर की गर्दन टूट सकती है लेकिन झुक नहीं सकती।
उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर, 1965 को एक ऐतिहासिक महान हरियाणा सम्मेलन रोहतक में आचार्य भगवान देव की अध्यक्षता में हुआ। जिसमें चौ. देवीलाल, टेक सिंह, हरद्वारी लाल, जगदेव सिद्धांती, मूलचन्द जैन, रामशरण मित्तल और प्रो. शेर सिंह शामिल हुए। जब आचार्य का सब्र टूटा तो उन्होंने रोहतक के दयानन्द मठ के हवन कुंड में आत्मदाह की घोषणा तक कर दी। अत: 18 मार्च, 1966 में संसदीय समिति ने अपनी रिर्पोट पेश की। जिसमें पंजाब को तीन हिस्सों में बांटने की सलाह दी गई, पंजाब, हरियाणा व हिमाचल प्रदेश।
महिला जाट मंच की कोर्डिनेटर ने कहा कि इसके बाद सीमाओं के बंटवारे को लेकर एक कमेटी बनी। जिसमें 4314 ज्ञापन लोगों ने दिए। इस कमीशन ने अपनी रिर्पोट में हरियाणा, पंजाब व हिमाचल क्षेत्र का बंटवारा कर दिया और पंजाब के हिन्दी भाषा क्षेत्र चंडीगढ़ व खरड़ को हरियाणा को दिए जाने की सिफारिश की गई।
उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने इस आयोग की सिफारिशों को निर्विरोध मान लिया परन्तु चंडीगढ़ व खरड़ की निर्विरोध की बात को नजरअंदाज कर दिया। 18 सितम्बर, 1966 को शाह कमीशन की रिर्पोट भारतीय संसद के दोनों सदनों में पारित हुई और 1 नवम्बर, 1966 को हरियाणा भारत का सबसे छोटे आकार का 17वां राज्य बना। जिसके बाद से हरियाणा लगातार अपनी राजधानी और हाईकोर्ट के लिए आंदोलनरत है। अत: हमें अलग राजधानी व अलग हाईकोर्ट मिलना ही चाहिए।
महिला जाट मंच की कार्यकर्त्ताओं ने सम्मेलन में हरियाणवी संस्कृति से जुड़ी अनेक चीजें व बातें प्रस्तुत की गई तथा हरियाणवी संस्कृति को सहेजने व बचाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया गया। महिलाओं ने हरियाणवी गानों पर नृत्य व संगीत का लुत्फ भी उठाया। वहीं अपनी एकजुटता के जरिए समाज में व्यापक स्तर पर बदलाव लाने की मुहिम छेडऩे का भी ऐलान किया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से महिला जाट मंच की अध्यक्षा रमा राठी, शर्मिला रोज, देविका सिवाच, सन्तोष जून, सुनीता कटारिया, सवी मान, रोहतक अध्यक्षा मंजू सांगवान, कविता, मनु ढुल, स्वीटी मलिक, पूनम हुड्डा, गुडग़ांव से नीलम गुलिया, जींद से सुचिता ढुल, सुनीता मलिक, आशा आदि सहित सैंकड़ों महिलाएं मौजूद रही।