– दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में केजरीवाल भी शामिल हुए
हाथरस । गैंगरेप केस में दिल्ली से लेकर पीड़ित लड़की के गांव तक हंगामा और राजनीति जारी है डीएम प्रवीण कुमार, एसपी विक्रांत वीर और एक इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया गया है। और इस केस से जुड़े सभी पुलिसकर्मियों और पीड़ित परिवार का नार्को टेस्ट होगा। इनमें एसपी और डीएसपी भी शामिल हैं। इससे पहले, दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में पीड़ित के लिए एक प्रार्थना सभा की गई। इसमें कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर प्रियंका ने कहा, ‘दुख की घड़ी में पीड़ित का परिवार अकेला है। हमारी बहन के साथ न्याय होना चाहिए। हमें अन्याय के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई तेज करनी होगी। मैं प्रार्थना सभा में शामिल होने के लिए यहां आई हूं।’ इस बीच, इस घटना के विरोध में जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया गया। यहां दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि दोषियों को जल्द फांसी हो। इस मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मुंबई या दिल्ली में ऐसी घटना क्यों होनी चाहिए? देश में रेप की घटनाएं नहीं होनी चाहिए।

दिल्ली के वाल्मीकि मंदिर में गैंगरेप की पीड़ित के लिए शुक्रवार शाम को 5 बजे प्रार्थना सभा हुई। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। उधर, पीड़ित लड़की के बुलगढ़ी गांव में भी हंगामा हुआ। पुलिस न तो विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने दे रही और न ही मीडिया को एंट्री दी जा रही। गांव की सीमाओं पर पुलिस ने बैरिकेड लगा रखे हैं। पुलिस ने दोपहर 3:50 बजे सफाई दी। एडिशनल एसपी प्रकाश कुमार ने कहा कि मीडिया को SIT की पड़ताल होने तक रोका गया है। जैसे ही जांच पूरी हो जाएगी, मीडिया को पीड़ित के गांव में जाने की परमिशन दे देंगे। खबर आ रही है कि पुलिस और प्रशासन के रवैए पर उठ रहे सवालों के बीच हाथरस के डीएम और एसपी के खिलाफ राज्य सरकार एक्शन ले सकती है।