मुंबई। मुंबई के अंधेरी वेस्ट में रेलवे पुल का एक हिस्सा गिर गया। इस घटना के बाद अंधेरी से विरार के बीच रेल सेवा को फिलहाल रोक दिया गया है। मौके पर 4 फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7.30 बजे अचानक से ये ब्रिज गिर गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के अनुसार, यह ब्रिज अंधेरी ईस्ट को अंधेरी वेस्ट से जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि हम जल्द से जल्द बचाव कार्य चला रहे हैं। इस ब्रिज का नाम गोखले ब्रिज है। फुटओवर ब्रिज का मलबा गिरने से रेलवे ट्रैक पर ओएसई प्रभावित हुई है, जिसके कारण यातायात पर फर्क पड़ा है। अंधेरी से विले पार्ले जाने वाली सभी 4 लाइनें बंद कर दी गई हैं। ब्रिज के दूसरी तरफ ही दो स्कूल हैं, पास में ही रेलवे स्टेशन है। यही कारण है कि ये ब्रिज काफी इस्तेमाल में आता है, हालांकि क्योंकि ये हादसा काफी सुबह हुआ इसलिए ब्रिज पर अधिक संख्या में लोग नहीं थे। हादसे के बाद मुंबई पुलिस ने भी इस बारे में ट्वीट किया। पुलिस ने बताया कि ब्रिज गिरने के बाद मौके पर सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को किया जा रहा है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है, अभी ट्रैफिक रोका गया है।