महाराष्‍ट्र निकाय चुनाव : शिवसेना सबसे आगे, बीजेपी का बेहतर प्रदर्शनमुंबई । महाराष्ट्र में गुरुवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) सहित 10 नगर निकायों, 25 जिला परिषदों और 283 पंचायत समितियों के चुनावों के लिए मतगणना जारी है। अब तक के नतीजों के अनुसार, सात निकायों में बीजेपी बेहतर प्रदर्शन के साथ सबसे आगे है। शिवसेना ने दो निकायों में बढ़त हासिल की है। एनसीपी एक निकाय में आगे है। इन नतीजों का सीधा असर भाजपा और शिवसेना के आगामी रिश्तों पर पड़ने की उम्मीद है। दोनों पार्टियां (बीजेपी और शिवसेना) सत्ता में एक साथ होने के बावजूद अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। वोटिंग के लिए आज सुबह 10 बजे मतगणना शुरू हुई।

‘लघु आम चुनावों’ के नाम से पहचाने जाने वाले इन चुनावों में कांग्रेस और राकांपा भी मैदान में हैं। सबकी नजर संसाधन संपन्न बृहन्मुंबई नगर निगम पर है जिसकी 227 सीटों पर लड़े जा रहे इन चुनावों का मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और शिवसेना के बीच है। आज सुबह 10 बजे शुरू हुई मतगणना में 10 नगर निगमों, 25 जिला परिषदों और 283 पंचायत समितियों की 5,777 सीटों पर किस्मत आजमा रहे 21,620 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है। इन सीटों पर मतदान दो चरणों में हुए थे। मंगलवार को 10 नगर निगम सीटों पर मतदान करीब 56 प्रतिशत और बीएमसी में करीब 55 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके अलावा जिला परिषदों और पंचायत समितियों में 69 प्रतिशत मतदाताओं ने मत डाले थे।

विपक्षी पार्टी कांग्रेस, राकांपा और मनसे एवं एआईएमआईएम जैसे अन्य दलों को पीछे छोड़ते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में उनकी पार्टियों ने जमकर प्रचार किया। मुंबई के अलावा ठाणे, उल्हासनगर, नासिक, पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़, सोलापुर, अकोला, अमरावती और नागपुर में भी नगर निगम चुनाव हुए। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 2,275 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगी है।