संगीतकला तथा संस्कृति से रूबरू हुए देशी-विदेशी पर्यटक

अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव : मनमोहक शोभायात्रा के साथ ऊंट उत्सव का हुआ आगाज़

बीकानेर । ‘ आसमान से पावर्ड पैराशूट से हो रही पुष्प वर्षा, शोभायात्रा में शामिल नख-शिख सजे ऊंट, मूंछों पर ताव देते रौबीले, पारंपरिक वेशभूषा में देशी-विदेशी पुरूष व महिलाएं, चंग की थाप के साथ गूंजते लोकगीत तो मशक वादन से बरबस ही देशी-विदेशी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते लोक कलाकार,  और इन अविस्मरणीय क्षणों को मोबाइल और कैमरे में कैद करते सैकड़ों लोग’ कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला शनिवार को जिला प्रशासन व पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान् में प्रारम्भ हुए दो दिवसीय 25वें अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव के पहले दिन।

जैसे ही बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र विधायक सिद्धि कुमारी, पुलिस महानिरीक्षक बिपिन कुमार पांडेय, जिला कलक्टर अनिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा, नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, सहीराम दुसाद, एसबीआई के डीजीएम विनीत कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) शैलेन्द्र देवड़ा, संयुक्त निदेशक पर्यटन जी एस गंगवाल ने रंग-बिरंगे गुब्बारे और शांति के प्रतीक सफेद कपोत हवा में छोड़कर महोत्सव का आगाज किया तो मानो पूरे देश की संस्कृति डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में जीवंत हो उठी। ढोल, नगाड़ों और शंख की सुमधुर ध्वनि के बीच हजारों की संख्या में स्टेडियम में मौजूद देशी-विदेशी पर्यटकों ने इस ऐतिहासिक क्षण का तालियां बजाकर स्वागत किया।

जूनागढ़ से रवाना हुई शोभायात्रा

इससे पहले, जिला कलक्टर अनिल गुप्ता व पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा ने जूनागढ़ के आगे से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया व वे शोभायात्रा के साथ डॉ. करणीसिंह स्टेडियम तक पैदल चले। जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने लोक नर्तकों के साथ नृत्य कर, उनका उत्साहवर्धन किया।

शोभायात्रा में बुलेट पर खेमसा पुरोहित सबसे आगे रहे। इसके बाद सजे-धजे ऊंटों पर सवार रौबीलों ने देशी-विदेशी मेहमानों का अभिवादन किया। वहीं अनूपगढ़ के मंगलाराम भील व खाजूवाला के ओमप्रकाश व पार्टी मश्क पर लोकगीतों की धुनों को प्रस्तुत करते हुए चल रहे थे। चूरू की गोपाल राम पार्टी चंग पर धमाल गाते हुए, गोगामेड़ी के रामकुमार नाथ एंड पार्टी कालबेलिया सपेरों की पूंगी (बीन) बजाते हुए शामिल हुए, वहीं शशि कुमार सिंह व पार्टी के कच्छी घोड़ी नृत्य, दौसा के शुभाती खान एवं पार्टी का बहरुपिया दल व बूंदी के ही हरि शंकर नागर व पार्टी के बैल नृत्य की भी झलक देखने को मिली। रौबीले गिरधर व्यास, अनिल बोड़ा एवं पार्टी शाही पोशाक में शोभा बढ़ा रहे थे।

शोभायात्रा यहां से होते हुए डॉ. करणीसिंह स्टेडियम पहुंची। स्टेडियम में जिला कलक्टर ने समारोह की विधिवत शुरूआत की घोषणा की। यहां रणबांकुरा क्लब के राॅयल इनफील्ड मोटर साइकिलों पर सवार जांबाज थे तो विंटेज वाहन भी आकर्षण का केन्द्र थे। उत्सव के उद्घाटन सत्रा में शंख वादन, बांसुरी वादन सहित आर.ए.सी. व आर्मी के बैगपाइपर बैंड ने लोक व पारम्परिक गीतों की स्वर लहरियां बिखेरीं। राजनारायण पुरोहित व राकेश बिस्सा ने लोकगीत प्रस्तुत किए। एसबीआई की कैमल मोबाइल बैंक ने पर्यटकों को आश्चर्य चकित कर दिया। पावर्ड पैराशूट के द्वारा शोभायात्रा व स्टेडियम में पुष्प वर्षा की गई।

विदेशी पावणे बोलेइट्स जस्ट वंडरफुल

कुवैत राजपरिवार की शेखा नजीला अलसबाह सहित अन्य सदस्यों ने भी ऊंट उत्सव का आनंद उठाया। शोभायात्रा और स्टेडियम में मौजूद विदेशी मेहमानों ने ‘नमस्कार’ कहकर लोगों का अभिवादन किया। अनेक विदेशी महिला एवं पुरूष पर्यटकों ने राजस्थान की पारम्परिक वेशभूषा पहनी हुई थी, तो रौबीलों के साथ फोटो खिंचवाने में भी देशी-विदेशी पर्यटक मशगूल दिखे। पारम्परिक वेशभूषा में छोटे-छोटे बच्चे विशेष आकर्षण का केन्द्र रहे।

फ्लोरिडा से आई बुजुर्ग महिला मेरलिन तो राजस्थानी संस्कृति की छटा देख दंग थीं। वे बोलीं- इट्स जस्ट वंडरफुल।

स्टाल्स से मिली उपयोगी जानकारी

समारोह स्थल पर राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र, राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केन्द्र, शिक्षा विभाग आदि विभागों की स्टाॅल्स लगाई गई थीं। समाजसेवी जीवरक्षक मोहम्मद इकबाल अपनी स्टाल के माध्यम से सांपों के विषय में आमजन को जागरूक कर रहे थे।

समारोह का संचालन संजय पुरोहित, रवीन्द्र हर्ष, किशोर सिंह राजपुरोहित और ज्योति रंगा ने किया। इस अवसर पर, एसबीआई के एजीएम पी एस यादव, पर्यटन अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह, अरविंद किशोर आचार्य, सीताराम कच्छावा, आनंद जोशी सहित बड़ी संख्या में पर्यटक व आमजन मौजूद रहे।

फोटो प्रदर्शनी रही आकर्षण का केन्द्र

जूनागढ़ परिसर में आयोजित हो रही 4 दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शनिवार को भी बड़ी संख्या में देशी और विदेशी पर्यटकों ने अवलोकन किया। फोटो प्रदर्शनी में बीकानेर के 40 युवा फोटोग्राफर्स ने अपने 120 छायाचित्रों के माध्यम से बीकानेर की समृद्ध कला एवं संस्कृति को प्रस्तुत किया है। प्रदर्शनी 15 जनवरी तक सुबह 10 बजे से सांय 5 बजे तक आमजन के अवलोकनार्थ निःशुल्क खुली रहेगी।

सांस्कृतिक वैभव से रूबरू करवाएगी हैरिटेज वाक

[huge_it_slider id=”11″]

25वें अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव के दूसरे दिन रविवार को प्रातः 8 बजे से हैरिटेज वाक के साथ कार्यक्रमों का आगाज होगा। पत्थर की अद्भुत नक्काशी से दुनिया भर में बीकानेर को अलग पहचान देने वाली रामपुरिया हवेली से लक्ष्मीनाथ मंदिर, भांडाशाह जैन मंदिर के पास स्थित बीकानेर के संस्थापक राव बीकाजी की टेकरी तक निकलने वाली इस हैरिटज वाक में शहर के गणमान्य लोगों के साथ अनेक पर्यटक शामिल होंगे। ‘हैरिटेज वाक’ के माध्यम से वे बीकानेर के पुरा व सांस्कृतिक वैभव से रूबरू हो सकेंगे।

हैरिटेज वाक के दौरान सजे-धजे ऊंट, रोबीले और बैगपाइपर बैंड साथ रहेगा। वहीं देशी एवं विदेशी पर्यटक यहां की चंदा परम्परा, मथेरण कला, गणगौर, साफा-पगड़ी बांधने की कला, रम्मतों एवं उस्ता कला की बारीकियां जान सकेंगे। हैरिटेज वाक का आयोजन पर्यटन विभाग द्वारा लोकायन संस्था के सहयोग से किया जाएगा।

विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन

डॉ.करणी सिंह स्टेडियम में रविवार को दोपहर साढ़े बारह बजे से शाम पांच बजे तक विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें देशी-विदेशी पर्यटकों की रस्सा कस्सी, ग्रामीण कुश्ती प्रतियोगिता, कबड्डी खेल प्रदर्शन मैच, साफा बांधने की प्रतियोगिता, ऊंट नृत्य, मटका दौड़, म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल हैं। उत्सव के अंतिम दिन शाम छह बजे से रात आठ बजे तक राजस्थानी कलाकारों द्वारा लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। उत्सव का समापन जसनाथी सम्प्रदाय की ओर से अग्निनृत्य एवं आतिशबाजी के साथ होगा।

 ‘‘कैमल बैंक’’ द्वास 1.53 लाख रूपये की विदेशी मुद्रा का लेन-देन

अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव में एस.बी.आई. की अस्पताल मार्ग शाखा द्वारा लगाये गये ’’कैमल बैंक’’ के माध्यम से 15 विदेशी पर्यटको द्वारा कुल 1.53 लाख रूपये का विदेशी मुद्रा का लेन-देन किया गया तथा देशी पर्यटकों के लिए बैंक द्वारा करणीसिंह स्टेडियम में ‘‘मोबाइल ए.टी.एम.’’ की सुविधा भी प्रदान की गई।

जूनागढ़ से निकली शोभायात्रा में एस.बी.आई. के सजे-धजे ‘‘कैमल बैंक’’ ने भाग लिया तथा दर्शको का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य प्रबन्धक जितेन्द्र माथुर ने बताया कि एस.बी.आई. के उप महाप्रबन्धक श्री विनीत कुमार तथा सहायक महाप्रबन्धक श्री पी.एस. यादव के मार्गदर्शन में अनिल चौधरी, सीताराम कच्छावा, नवीन परिहार,गौतम वर्मा एवं इन्द्रजीत धवल द्वारा उपरोक्त सेवाऐं प्रदान की गयी।

सहायक महाप्रबन्धक पी.एस. यादव ने बताया कि एस.बी.आई. द्वारा डिजीटल बैकिंग को बढावा देने के लिए ऊंट उत्सव में लोगो को बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।