बीकानेर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को बीकानेर आयेगें। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गोपाल गहलोत के विशेष आग्रह पर बीकानेर आ रहे पूर्व मुख्यमंत्री यहां पूगल रोड़ के शिवशक्ति नगर में नवनिर्मित हिरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में महादेव के परमभक्त एवं धर्मपरायण स्व.सेठ हिरालाल गहलोत की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ.बीडी कल्ला, कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूूडी, श्रीकोलायत विधायक भंवरसिंह भाटी, जिला प्रमुख श्रीमती सुशीला सींवर समेत अनेक कांग्रेस नेता और प्रबुद्धजन शामिल होंगे।

स्व.हीरालाल गहलोत की स्मृति में उनके परिवार ने अभी हाल ही में यहां बंगलानगर में हीरेश्वर महादेव का भव्य मंदिर बनाया है, जिसका तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव साधू संतों के समागम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर जानकारी में रहे कि पूगल रोड के शिवशक्ति नगर में सवा चार बीघा भूमि क्षेत्र में बने इस श्रीहीरेश्वर महादेव मंदिर की भव्यता श्रद्धालुओं के लिये आकर्षण का केन्द्र है। धवल संगमरमर से बने इस मंदिर में उड़ीसा के जगन्नाथपुरी के कारीगरों का कला-कौशल झलकता है। शिव लीला, डांडिया नृत्य, शोभा यात्रा दृश्य, भगवान गणेश, नन्देश्वर, नाग-नागिन, भगवान शिव द्वारा गंगा अवतरण, कैलाश पर्वत पर देवदर्शन, नटराज, त्रिमुख अवतार, कमल पर विराजित शिव दर्शन, शिव विवाह तथा राजा दक्ष के वध सहित सभी लीलाओं को निज मंदिर की चारों दीवारों पर बहुत कलात्मक रूप से प्रतिष्ठित किया गया है। मकराने के सफेद मार्बल से मंदिर में द्वादश ज्योतिर्लिंग स्थापित किए जाएंगे। यहां गणेश मंदिर और माता दुर्गा का भी मंदिर बनवाया गया है। इसके अलावा दीवारों पर दक्षिण भारत के मंदिरों की तर्ज पर पौराणिक कथाओं की तर्ज पर मूर्तियां विशेष आकर्षण का केंद्र है।


समारोहपूर्व करेेंगे गुरू हनुमान व्यायाम शाला का शुभारंभ
बीकानेर दौरे पर आ रहे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को यहां भीनासर में सेठ पन्नालाल गहलोत की स्मृति में स्थापित गुरू हनुमान व्यायाम शाला का शुभारंभ करेंगे। यह जानकारी देते हुए कांग्रेस नेता एवं जिला कुश्ती संगम अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गहलोत ने बताया कि व्यायाम शाला उद्घाटन समारोह में द्रोणाचार्य महासिंह राव, अर्जुन अवार्डी राजीव तोमर, ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार के अलावा नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, श्रीकोलायत विधायक भंवरसिंह भाटी समेत बड़ी तादाद में खेल प्रेमी और प्रबुद्धजन शामिल होंगे। अपने व्यस्त कार्यक्रम के तहत पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बज्जू में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। विधायक भंवर सिंह भाटी के आव्हान पर आयोजित किसान सम्मेलन की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस व युवा नेता भी क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा गांव-गांव पहुंचकर किसान सम्मेलन में पहुंचने का न्योता दे रहे हैं।


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर रखी भव्य स्वागत की तैयारी
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस में राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद पहली बार बीकानेर आगमन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके भव्य स्वागत की तैयारी कर रखी है। हालांकि गहलोत के बीकानेर आगमन का दौरा पिछले महिने तय हुआ था लेकिन पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में व्यस्तता के चलते उनका बीकानेर दौरा स्थगित हो गया था। शनिवार को गहलोत के बीकानेर दौरे को लेकर कांग्रेसी हल्कों में जबरदस्त हलचल सी मची हुई है। चुनावी साल में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीकानेर दौरे को खासा अहम माना जा रहा है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि पार्टी टिकट की दावेदार यहां पूर्व मुख्यमंत्री के सामने अपना शक्ति प्रदर्शन कर सकते है।(PB)