हेरिटेज वॉक में दिखेगी बीकानेर की विरासत, बीकानेर के आम नागरिक होंगे शहर के पुरातत्व से रूबरू

बीकानेर । बीकानेर की तंग गलियों से निकल कर यहाँ की आलीशान हवेलियों ने अपनी पहचान भले ही  अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी बना ली हो मगर बीकानेर के स्थानीय नागरिक अभी भी बीकानेर की ऐतिहासिक महत्त्व की हवेलियों, यहाँ के हेरिटेज बाजार, पुराने मंदिरों इत्यादि के बारे में अनभिज्ञ हैं। बीकानेर के आम नागरिकों को यहाँ के हेरिटेज से रूबरू करवाने के उद्देश्य से रविवार को बीकानेर की लोकायन संस्थान और दिल्ली की संस्थान शाहपीडिआ के संयुक्त तत्वाधान में “बीकानेर हेरिटेज वॉक” का आयोजन किया जायेगा।

बीकाजी की टेकरी से शाम 4:30 बजे शुरू होने वाली इस वॉक में पुरातत्व महत्त्व के धार्मिक स्थानों के अलावा यहाँ के हेरिटेज बाज़ार, हवेलियों, प्रोलो, पाटा संस्कृति, चाय पट्टी, क्राफ्ट, कारीगरी के अलावा यहाँ के संगीत के बारे में इतिहासविद एवं लोक कला मर्मज्ञ कृष्ण चंद्र शर्मा जानकारी देंगे।

वॉक लीडर गोपाल सिंह चौहान ने जानकारी दी कि हेरिटेज वाक’ शहर के पुरातत्व महत्वों वाले रास्तों चूड़ी बाजार, बड़ा बाजार, सुपारी बाजार, चाय पट्टी तथा आसानीयों के चैक से गुजरते हुए रामपुरिया हवेली तक पहुंचेगी। वॉक के दौरान नगर निगम, पर्यटन विभाग और नगर विकास न्यास द्वारा हेरिटेज सरंक्षण के क्षेत्र में करवाए जा रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। बीकानेर हेरिटेज वॉक में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं, कलाकारों, फोटोग्राफर, विद्यार्थियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। ज्ञात रहे कि हेरिटेज वॉक की निरंतरता को देखते हुए ही विश्व  स्मारक निधि, न्यूयॉर्क द्वारा बीकानेर की हवेलियों को “वॉच लिस्ट” में शामिल किया है।