बीकानेर। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस पर बुधवार को जिला व पुलिस प्रशासन के तत्वावधान में फोर्ट स्कूल से कचहरी परिसर तक पहलीबार मार्च पास्ट का आयोजन हुआ। मार्च पास्ट का स्टेशन रोड, महात्मा गांधी मार्ग, रतन बिहारी पार्क, जूनागढ़ के पास सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापारिक संगठनों व व्यक्तिश: लोगों ने पुष्पवर्षा कर गर्म जोशी से स्वागत किया। महात्मा गांधी मार्ग व कचहरी परिसर में संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीना, पुलिस महानिरीक्षक दिनेश एम.एन, जिला कलक्टर डॉ. एन.के.गुप्ता व पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा, नगर निगम आयुक्त प्रदीप के.गवांडे सहित अनेक प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों तथा व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मार्च पास्ट में शामिल पुलिस, आर.ए.सी, रेलवे पुलिस फोर्स व एन.सी.सी. कैडिटों की हौसला अफजाई रतन बिहारी पार्क के पास लगे मंच से की।

फोर्ट स्कूल मैदान से रवाना हुई मार्च पास्ट में आर.ए.सी. तीसरी व दसवीं बटालियन, बी.एस.एफ. राजस्थान पुलिस फोर्स, पुलिस के महिला व पुरुष कानिस्टेबल, एन.सी.सी. महिला एवं पुरुषों की टुकड़ी शामिल थीं। लोकगीतों की स्वर लहरियों का लुत्फ- पुलिस व आर.ए.सी. का संयुक्त बैंड देश भक्ति के गीतों के साथ राजस्थानी लोकगीतों की स्वर लहरियों को बिखेर कर आमलोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। मार्चपास्ट के मार्गों के दोनों ओर एकत्रित लोगों ने बैंड की ओर से बजाए गए गीतों हम है नौ जवान सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा कदम-कदम बढ़ाए जा तथा कोरो काजलियों, लहरिया, जवांई जी पावणा आदि का लुत्फ लेते हुए गीतों को गुनगुना रहे थे। सम्पूर्ण मार्ग में हुई पुष्पवर्षा-फोर्ट स्कूल से रवाना हुई मार्च पास्ट के दोनों ओर स्व विवेक से अनुशासनबद्ध तरीके से आमजन मौजूद था। मार्च पास्ट का मुख्य मार्ग पर आते ही शुरू हुई पुष्पवर्षा का दौर मार्च पास्ट के समाप्ति स्थल कचहरी परिसर तक आमजन, बीकानेर व्यापार एसोसिएशन, खजांची मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रतन बिहारी पार्क के पास बने मंच पर उमेश मेहंदीरता ने देश भक्ति गीत पेश किया वहीं ज्योतिप्रकाश रंगा ने प्रथम बार हुई मार्च पास्ट के बारे में बताया।(PB)