Om Mathur
Om Mathur
शाह की टीम में ओम माथुर बने उपाध्यक्ष, प्रदेश भाजपा ने जतायी प्रसन्नता

नई दिल्ली /बीकानेर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लंबे समय से खाली पड़े संगठन के पदों के लिए आज नियुक्ति कर दी। राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम माथुर को शाह ने अपनी टीम में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। उनके साथ श्याम जाजू और अविनाश राय खन्ना को उपाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि कैलाश विजयवर्गीय, अरूण सिंह और अनिल जैन को महामंत्री बनाया गया है। मंत्री के पद पर सुरेश पुजारी, महेन्द्र सिंह, महेश गिरी और फारूख खान की नियुक्ति की गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकार बनने के बाद संगठन से कई लोगों को कैबिनेट में मंत्री बना दिया गया था।. शाह की टीम में उपापध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी एंव बंगारू दत्तात्रेय को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया, जबकि उपाध्यक्ष किरण माहेश्वरी राजस्थान की वसुंधरा राजे सरकार में मंत्री हैं। शाह की टीम में महासचिव राजीव प्रताप रुड़ी, जेपी नड्डा एवं राम शंकर कठेरिया को भी मोदी सरकार में मंत्री बना दिया गया। तब से यह जगहें खाली पड़ी थी। शाह की टीम में सचिव रहे अनिल जैन को महासचिव बनाया गया है, जबकि सचिव श्याम जाजू को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री ओम माथुर के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं महासंपर्क अभियान के प्रभारी श्री कैलाश विजयवर्गीय को राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने पर भाजपा महासंपर्क अभियान को प्रदेश डिजीटल प्रभारी अविनाश जोशी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है तथा कहा है इससे पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी।