बीकानेर। जिला कलक्टर डॉ. एन. के. गुप्ता ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के पश्चात् कलक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई रखने, रिकॉर्ड व्यवस्थित करने तथा पत्रावलियों को बेवजह लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कलक्ट्रेट के कार्मिक पूर्ण गंभीरता के साथ कार्य करें, जिससे आमजन को राहत मिल सके।

जिला कलक्टर ने न्याय, लेखा, सहायता, विधि, पंचायत, सामान्य, विकास, स्थापना सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। कार्मिकों से उनके द्वारा किए जाने वाले कार्य के बारे में पूछा। नियंत्रण कक्ष की शिफ्टिंग तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रक्रिया के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष में नियुक्त कार्मिक पूर्ण मुस्तैद रहें। किसी प्रकार की सूचना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए। शौचालय को साफ-सुथरा रखने को कहा।

विभिन्न शाखाओं में रखे हुए रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। रिसिप्ट-डिसपेच शाखा में पत्रावलियों के बारे में जानकारी ली। डॉ. गुप्ता ने एनआईसी की विभिन्न गतिविधियों के बारे में जाना। एडीएम प्रशासन, एडीएम सिटी तथा जिला रसद अधिकारी कार्यालय की व्यवस्थाओं को भी देखा। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन यशवंत भाकर, अतिरिक्त कलक्टर नगर शैलेन्द्र देवड़ा तथा वरिष्ठ निजी सहायक माणक पुरोहित मौजूद थे।

जोशी ने भेंट की ‘मौन से बतकही’

हिंदी व राजस्थानी के वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र जोशी ने नवनियुक्त जिला कलक्टर डॉ. एन. के. गुप्ता को अपनी कृति ‘मौन से बतकहीÓ की प्रति भेंट की। इस दौरान जिला कलक्टर ने बीकानेर की साहित्यिक परम्परा के बारे में बातचीत की। जोशी ने बताया कि बीकानेर के अनेक साहित्यकारों ने पूरे देश में बीकानेर को नई पहचान दिलाई है। यहां की युवा पीढ़ी में भी साहित्य के प्रति लगाव है। उल्लेखनीय है कि अब तक जोशी के चार कविता संग्रह, 2 कहानी संग्रह, 2 अनुवाद तथा एक बाल कहानी संग्रह प्रकाशित हो चुका है। जोशी दो पुस्तकों का सम्पादन भी कर चुके हैं। इस दौरान शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल भी मौजूद थे।