11nov-om- sunita god
ओम एक्सप्रेस न्यूज बीकानेर। शहर जिला महिला कांग्रेस की ओर से शनिवार को रानी बाजार स्थित शिव-पार्वती मंदिर परिसर में चिकित्सकों की हड़ताल से आमजन को हो रही परेशानियों को देखते हुए चिकित्सकों को सद्बुद्धि देने के लिए मंत्रोचार के साथ यज्ञ किया। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ता ने यज्ञ में आहुति दी और चिकित्सकों को काम पर लौटने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की ।

प्रत्येक महिला ने सरकार में बैठे मंत्री और अधिकारियों तथा चिकित्सकों को हटधर्मिता छोड़कर पीडि़त और दुखी लोंगों की सेवा में जुटने के लिए आहुति दी। यज्ञ के बाद शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गौड़ ने कहा कि राज्य सरकार और चिकित्सकों ने अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए जनता को मरने के लिए छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि हड़ताल की वज़ह से प्रदेश में रोगी मर रहे है।

उन्होंने इन मौतों को हत्या बताते हुए कहा कि राज्य सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों से अपील की कि वे मानव कल्याण के हित में काम पर लौटे और प्रजातांत्रिक ढ़ंग से अपना विरोध दर्ज कराए। प्रदेश उपाध्यक्ष महिला कांग्रेस सस्वती लेघा,प्रदेश महासचिव सुषमा बारूपाल, शहर उपाध्यक्ष मुमताज बानो,मनभरी,विमला फोगा,महिला कांग्रेस सचिव सपना तिवाड़ी,मुमताज शेख,जमना देवी वर्मा सहित महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने यज्ञ में आहुति दी।