Site icon OmExpress

अयोध्या की पहचान हैं भगवान राम के पुत्र राजा कुश का बनवाया नागेश्वरनाथ मंदिर

प्रस्तुति – अनमोल कुमार

पुण्य सलिला सरयू नदी के किनारे स्थापित प्राचीन नागेश्वरनाथ मंदिर इस बात का द्योतक भी है कि जिस स्थान पर भगवान नागेश्वरनाथ का मंदिर है वही प्राचीन अयोध्या है। इस पौराणिक नगरी को राजा विक्रमादित्य ने बसाया था और इस प्राचीन मंदिर का जीर्णोद्धार भी उन्हीं के द्वारा कराया गया था। धार्मिक मान्यताओं में आज भी बाबा नागेश्वरनाथ अयोध्या की पहचान के रुप में जाने जाते हैं और देश के कोने कोने से आने वाले भक्त श्रद्धालुओं के लिए आस्था और श्रद्धा का केंद्र है।
भगवान शिव का यह प्राचीन मंदिर अयोध्या में स्थापित होने के कारण इसका महत्व और भी अधिक है और सावन मास में इस प्राचीन मंदिर में भगवान शिव का वंदन और पूजन करने से जन्म जन्मांतर के कष्ट मिट जाते हैं और मनुष्य को पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए अगर आप भी सावन के इस पवित्र माह में भगवान शिव की आराधना कर पुण्य अर्जन करना चाहते हैं तो बिना देर किए पहुंच जाएं राम की नगरी अयोध्या और सरयू तट के किनारे स्थापित भगवान नागेश्वरनाथ का दर्शन और पूजन करें।

– भगवान राम के पुत्र राजा कुश ने की थी मंदिर की स्थापना
शिव पुराण के अनुसार, एक बार नौका बिहार करते समय भगवान राम के पुत्र राजा कुश के हाथ का कंगन पवित्र सरयू में गिर गया, जो सरयू में वास करने वाले कुमुद नाग की पुत्री को मिल गया। यह कंगन वापस लेने के लिए राजा कुश तथा नाग कुमुद के मध्य घोर संग्राम हुआ। जब नाग को यह लगा कि वह यहां पराजित हो जायेगा तो उसने भगवान शिव का ध्यान किया। भगवान ने स्वयं प्रकट होकर इस युद्ध को रुकवाया। कुमुद ने कंगन देने के साथ भगवान शिव से अनुरोध किया कि उनकी पु्त्री कुमुदनी का विवाह कुश के साथ करा दें। इस प्रस्ताव को महाराज कुश ने स्वीकार किया और भगवान शिव से यह अनुरोध किया कि वे स्वयं सर्वदा यहीं वास करें। भगवान शिव ने उनकी इस याचना को स्वीकार कर लिया। नागों के ध्यान करने पर भगवान शिव प्रकट हुए थे, जिस कारण इसे नागेश्वर नाथ के नाम से जाना जाता है। इसके बाद राजा कुश ने अयोध्या में नागेश्वर नाथ मंदिर की स्थाापना की, जो आज भी पूरे देश में रहने वाले शिव भक्तों की आस्था का केंद्र है।
– अंग्रेजों ने भी माना भगवान शिव के नागेश्वरनाथ रूप को
अयोध्या की राम की पैड़ी खेत्र में स्थित प्राचीन नागेश्वरनाथ महादेव की महीमा अपरम्पार है। उनकी महिमा का बखान न केवल हिन्दू भक्तों ने बल्कि अंग्रेजों ने भी किया है। अंग्रेजी विद्वान विंसेटस्मिथ ने लिखा कि 27 आक्रमणों को झेल कर भी यह मंदिर अपनी अखंण्डता को बनाये रखे है। हैमिल्टान ने लिखा है कि पूरे विश्व में इसके समान दिव्य और पवित्र स्थान दूसरा कोई नहीं है।

Exit mobile version