बीकानेर, । ऊर्जा मंत्री श्री भंवर सिंह भाटी ने शनिवार को चक विजयसिंहपुरा के उप स्वास्थ्य केंद्र में नवसृजित प्रसूति गृह का लोकार्पण किया। वहीं चार लाख रुपए की लागत से तैयार सीसी ब्लॉक चौक, पचास हजार रुपए के जलकुंड और तीन लाख रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र की चार दिवारी कार्य का उद्घाटन भी किया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रदेश वासियों की निरोगी काया को पहला सुख मानकर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत द्वारा प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत प्रत्येक परिवार के 25 लाख रुपए तक के इलाज की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने ली है। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की पहली बैठक में सामाजिक सुरक्षा पेंशन 500 से बढ़ाकर 750 रुपए की गई। इस वर्ष बजट में न्यूनतम पेंशन एक हजार रुपए प्रतिमाह कर दी गई है। वहीं प्रतिवर्ष इसमें 15 की वृद्धि की व्यवस्था भी की गई है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आज गांव-गांव में विकास के कार्य हो रहे हैं। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल हुई हैं, जिनका लाभ करोड़ों प्रदेशवासियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति का जीवन स्तर सुधारने को कृत संकल्प है तथा प्रत्येक राजस्थानी को महंगाई से राहत देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र भी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक बजट में क्षेत्र को अनेक सौगातें दी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 19 नए जिले बनाने जैसे फैसलों को ऐतिहासिक और साहसिक बताया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि चक विजयसिंहपुरा नई ग्राम पंचायत बनी है। इससे यहां विकास की राह आसान होगी। पंचायत का अपना पटवार भवन होगा। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के स्कूल को 12वीं तक क्रमोन्नत कर दिया गया है। वहीं गांव में नया जीएसएस बनाया जाएगा। इसके प्रस्ताव राज्य सरकार को भिजवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि गांव की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे यहां पेयजल की समस्या के समाधान के लिए उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को अगले 7 दिनों में कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के अवैध जल कनेक्शन काटने को कहा। उन्होंने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र के प्रसूति गृह के निर्माण पर तीस लाख रुपए व्यय हुए हैं। यहां पंचायत समिति की ओर से दो ए.सी. लगाए जाएंगे।
गोपीराम सेठिया ने कोलायत विधानसभा क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में कोलायत प्रधान पुष्पा देवी सेठिया, जिला परिषद सदस्य मदनलाल मेघवाल, झंवरलाल सेठिया, चक विजयसिंहपुरा सरपंच रामी देवी, झझू के पूर्व सरपंच मेघराज सेठिया, नरेगा लोकपाल किशोर सिंह, पूर्व सरपंच गोपी चंद, कोलायत क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष हरि राम सियाग, विकास अधिकारी मांगीलाल, ग्राम विकास अधिकारी बाबूलाल रेगर, पंचायत समिति सदस्य राम निवास गोदारा, अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र सिंह मीना, झझू सरपंच घम्मुराम, भंवर उपाध्याय अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संचालन ओम प्रकाश सेन ने किया।