

केन्द्रीय संसदीय कार्य एवं भारी उद्योग और लोक उद्यम राज्य मंत्री, भारत सरकार अर्जुनराम मेघवाल ने जानकारी दी कि स्टेट बैंक आॅफ इण्डिया का बीकानेर स्थित डिजीएम आॅफिस जयपुर स्थानांतरित नहीं होगा। यह आॅफिस बीकानेर में ही यथावत बना रहेगा।
वस्तुतः स्टेट बैंक आॅफ बीकानेर एंड जयपुर का विलय 2017 में स्टेट बैंक आॅफ इण्डिया मंे कर दिया गया था। अब यह निर्णय लिया गया था कि बीकानेर स्थित स्टेट बैेंक आॅफ इण्डिया के बीकानेर स्थित डिजीएम कार्यालय को जयपुर शिफ्ट किया जाऐगा। इस सूचना से क्षेत्रवासियों में निराशा का माहौल व्याप्त हो गया तथा उन्होंने इस निर्णय का विरोध किया साथ ही बैंक के कर्मचारियों ने भी इस निर्णय का विरोध किया।


जब इसकी जानकारी केन्द्रीय मंत्री मेघवाल को मिली तो उन्होंने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए वित मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण एवं वित राज्यमंत्री श्री अनुराग ठाकुर से बात की तथा एसबीआई के डिजीएम कार्यालय को बीकानेर में ही यथावत रखने की मांग की।
मेघवाल ने अवगत करवाया कि बीकानेर राजस्थान का एक मुख्य संभागीय मुख्यालय है जिसके अन्तर्गत बीकानेर, चुरू, हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिले आते है। अतः एसबीआई के डिजीएम कार्यालय को बीकानेर से शिफ्ट करने पर न केवल बीकानेर बल्कि हनुमानगढ़, चुरू, श्रीगंगानगर के SBI उपभोक्ताओं को भी परेशानी होगी।
अर्जुनराम मेघवाल ने इस संदर्भ में एसबीआई के सीएमडी, डीएमडी, सीजीएम जयपुर से भी बात की एवं एसबीआई के डिजीएम कार्यालय को बीकानेर में ही यथावत रखने के लिए कहा।
माननीय अर्जुन राम मेघवाल द्वारा मामले को तुरंत केन्द्रीय वित मंत्री, वित राज्य मंत्री एवं SBI के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने के फलस्वरूप अब यह निर्णय लिया गया है कि बीकानेर स्थित डिजीएम कार्यालय अब जयपुर शिफ्ट नहीं होगा। बल्कि बीकानेर ही यथावत रहेगा।
इस सूचना के बाद बीकानेर संभाग के SBI उपभोक्ताओं, व्यापारी वर्ग, उद्योग जगत सहित क्षेत्रवासियों के साथ साथ एसबीआई के कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
मेघवाल ने इसके लिए केन्द्रीय वित मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण एवं वित राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर तथा एसबीआई के उच्च अधिकारियों को धन्यवाद दिया व आभार व्यक्त किया।
नई व्यवस्था के तहत अब राजस्थान में जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर एवं अलवर में एसबीआई का डिजीएम कार्यालय रहेगा एवं जीएम कार्यालय जयपुर रहेगा ।


उधर- बीकानेर जिला उद्योग संघ का विरोध लाया रंग एसबीआई का डीजीएम कार्यालय यथावत रहेगा बीकानेर में
बीकानेर जिला उद्योग संघ की मांग पर बीकानेर के एसबीआई का डीजीएम कार्यालय को जयपुर मर्ज करने के आदेशों को निरस्त करने के लिए अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने केन्द्रीय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, ऊर्जा एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, मंत्री भंवर सिंह भाटी, नोखा विधायक बिहारीलाल विश्नोई, प्रदेश बैंक एम्प्लोइज यूनियन के सेक्रेट्री वाई.के. शर्मा योगी व पूर्व संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर का आभार व्यक्त किया और बताया कि बीकानेर जिला उद्योग संघ द्वारा बीकानेर के हित में सबसे पहले यह मुद्दा उठाया था और साथ ही संघ द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों को पत्र भिजवाया गया व अपनी समस्त सदस्य इकाइयों से यह आव्हान किया गया था कि सभी वित्तमंत्री भारत सरकार, चेयरमेन स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया व मुख्य महाप्रबंधक स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया को पत्र भिजवाकर विरोध दर्ज करवाए और लगभग इस हेतु बीकानेर से उद्यमियों एवं व्यापारियों ने 450 ईमेल एसबीआई के डीजीएम कार्यालय को जयपुर समाहित से रोकने के लिए भिजवाए गए । यदि यह कार्यालय जयपुर में समाहित हो जाता तो बीकानेर के व्यापारी व उद्यमियों को अब अपनी ऋण स्वीकृतियों के लिए जयपुर जाना पडता और ऐसे निर्णय बीकानेर के औद्योगिक विकास के मार्ग में रोड़ा बन जाता ।
