Site icon OmExpress

ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री को सीने में मारी गोली, हालत गंभीर

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और बीजद के वरिष्ठ नेता नव दास को एक पुलिसकर्मी ने जनसभा में जाने के दौरान गोली मार दी। एएसआई गोपाल दास ने मंत्री पर छह राउंड फायरिंग की जिसमें एक गोली उनके सीने में लगी है।

झारसुगुड़ा/ अनुगुल/ भुवनेश्वर – ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री और झारसुगुड़ा के विधायक नव किशोर दास को एक पुलिसकर्मी ने जनसभा में जाने के दौरान गोली मार दी। एएसआई गोपाल दास ने करीब से मंत्री पर छह राउंड फायर किए थे, जिसमें से एक गोली सीने में लगी है।आनन-फानन में नव किशोर दास को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रहा है। घटना दोपहर करीब सवा बारह बजे झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर में गांधी चौक पर हुई।

इस मामले पर जानकारी देते हुए ब्रजराजनगर के एसडीपीओ गुप्तेश्वर भोई ने कहा कि गांधी चौक पुलिस अधिकारी गोपाल दास ने स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को गोली मारी है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। ASI ने सरकारी रिवाल्वर से गोली मारी है। पुलिसकर्मी ने वाहन से बाहर निकलते ही नव दास पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी ने 6 राउंड गोली चलाई थी, जिसमें एक गोली उनके सीने में लगी है।

उन्हें बड़े अस्पताल में स्थानांतरित किये जाने की व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, फायरिंग के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपित पुलिस कर्मी को हिरासत में लिया गया है। पुलिसकर्मी से पूछताछ जारी है।इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य मंत्री पर फायरिंग की घटना के बाद बीजद कार्यकर्ताओं के धरने पर बैठने से मौके पर तनाव व्याप्त है।

-CM ने क्राइम ब्रांच को दिए जांच के निर्देश

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नव किशोर दास को गोली मारने की घटना की निंदा की है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंत्री के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाने के लिए कहा है।

 

Exit mobile version