

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, ईमानदार टैक्सपेयर्स को हम दे रहे हैं रियायतें और राहत
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक अखबार में दिये इंटरव्यू में ईमानदार टैक्सपेयर को लेकर विस्तार से बात की। उनसे सवाल किया गया कि आप ईमानदार टैक्सपेयर की हमेशा तारीफ करते हैं, लेकिन उन्हें ईमानदार होने का कोई वित्तीय लाभ या पुरस्कार नहीं दिया गया, इस बार के बजट में भी उनके लिए अलग से कोई घोषणा नहीं की गई। इसका उन्होंने उदाहरण के साथ विस्तार से जवाब दिया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पिछले साढ़े सात वर्षो में हमने लगातार इस तरह के कदम उठाए हैं जो साल दर साल ईमानदार टैक्सपेयर्स को छोटी-बड़ी सभी तरह की रियायतें और राहत दे रहे हैं। इसलिए यह कहना कि टैक्सपेयर को हमारी सरकार कोई लाभ नहीं पहुंचा रही है, यह बात ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने पिछले सात-आठ साल में ऐसे बहुत सारे कार्य किए हैं, जो ईमानदार टैक्सपेयर को प्रेरित करते हैं, प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें सम्मानित भी करते हैं। हम भारत में पहली बार एक टैक्सपेयर चार्टर लाए हैं, जिसके अंतर्गत ईमानदार टैक्सपेयर की बात हुई, उसके अधिकारों की बात हुई। जहां तक वित्तीय लाभ की बात है तो आप देखिए कि 2014 में जिस टैक्सपेयर की आय पांच लाख रुपये थी, उसको 13,000 रुपये का टैक्स देना पड़ता था। यह राशि अब शून्य हो गई है। 15 लाख की आय वाला व्यक्ति जो 2014 में करीब-करीब एक लाख 90 हजार रुपये टैक्स देता था, आज एक लाख 24 हजार रुपये टैक्स देता है यानी 66 हजार की बचत। और यह तो सिर्फ आयकर की बात है।”
*उत्तर प्रदेश की 55, उत्तराखंड की 70 और गोवा की 40 सीटों पर मतदान आज
उत्तराखंड और गोवा के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 55 सीटों के लिए सोमवार को मतदान होगा। गोवा और उत्तराखंड में मतदान एक की चरण में संपन्न हो जाएगा। वहीं उप्र में मतदान के पांच चरण और शेष रह जाएंगे। तीनों राज्यों में चुनाव सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट पड़ेंगे। सभी सीटों पर मतगणना 10 मार्च को होगी। उप्र में दूसरे चरण में नौ जिलों की 55 सीटों पर दो करोड़ से अधिक मतदाता 586 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। यहां दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली व शाहजहांपुर में मतदान होना है। तीनों राज्यों में चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। वहीं, अंतिम दौर में निर्वाचन आयोग से कुछ रियायत मिली तो सभी राजनीतिक दलों ने ताकत झोंक दी। उप्र के दूसरे चरण में शाहजहांपुर सीट से वित्त मंत्री सुरेश खन्ना नौवीं बार विधान सभा पहुंचने के लिए किस्मत आजमा रहे हैं। बिलासपुर से जलशक्ति राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, बदायूं से नगर विकास राज्य मंत्री महेश चन्द्र गुप्ता, चंदौसी से माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी चुनाव मैदान में हैं। आयुष राज्यमंत्री रहे डा. धर्म सिंह सैनी नकुड़ सीट से सपा के टिकट पर मैदान में हैं। सपा नेता व पूर्व मंत्री मो. आजम खां रामपुर व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम स्वार सीट से चुनाव मैदान में हैं। आजम जेल से ही चुनाव लड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दी चेतावनी, बोले- शरीयत नहीं, संविधान के हिसाब से चलेगा देश
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 के बीच राजनीतिक दलों के नेताओं की बयानबाजी अपने चरम पर है। आरोप प्रत्यारोप और कटाक्षों का सिलसिला जारी है। यूपी के सियासी पारे को कर्नाटक का हिजाब विवाद और बढ़ाता जा रहा है। यहां कई सीटों पर चुनाव लड़ रही एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन औवैसी ने हिजाब पहनकर कालेज जाने का समर्थन करते हुए हिजाबी के प्रधानमंत्री बनने का ट्वीट किया तो उस पर जबर्दस्त पलटवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। कर्नाटक के हिजाब विवाद पर जब एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने अपनी प्रतिक्रिया दी तो सीएम योगी आदित्यनाथ ने उन पर करारा प्रहार किया। रविवार को उन्होंने ट्वीट कर बिना नाम लिए चेतावनी दी। लिखा- ‘गजवा-ए-हिंद’ का सपना देखने वाले ‘तालिबानी सोच’ के ‘मजहबी उन्मादी’ यह बात गांठ बांध लें। वो रहें या न रहें, भारत शरीयत के हिसाब से नहीं, संविधान के हिसाब से ही चलेगा। जय श्रीराम। योगी के इस ट्वीट को उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता लगातार री-ट्वीट कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि हिजाब विवाद पर असदुद्दीन ओवैसी ने वीडियो ट्वीट कर कैप्शन लिखा- ‘इंशा अल्लाह, एक दिन एक हिजाबी प्रधानमंत्री बनेगी।’ वीडियो में ओवैसी कह रहे हैं कि ‘हम अपनी बेटियों को ‘इंशा अल्लाह, अगर वो फैसला करती है कि अब्बा-अम्मी मैं हिजाब पहनूंगी तो अम्मी-अब्बा कहेंगे- बेटा पहन, तुझे कौन रोकता है, हम देखेंगे। हिजाब, नकाब पहनेंगे कालेज भी जाएंगे, कलेक्टर भी बनेंगे, बिजनेसमैन, एसडीएम भी बनेंगे और एक दिन इस देश में एक बच्ची हिजाब पहनकर प्रधानमंत्री बनेगी।
इंडियन प्रीमियर लीग :अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई ने खरीदा, फाइनल राउंड में ह्यूग एडमीड्स ने आक्शनर की भूमिका निभाई
दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग के दो दिवसीय मेगा आक्शन का आज दूसरा दिन है। बेंगलुरू में इसका आयोजन हो रहा है। दूसरे दिन लियम लिविंगस्टोन काफी महंगे बिके। ओडियन स्मिथ को भी अच्छी खासी रकम मिली। राज बावा और राजवर्धन हंगरगेकर जैसे अंडर-19 के खिलाड़ियों के लिए भी करोड़ों में बोली लगी। तिलक वर्मा और महिपाल लमरोर भी करोड़पति बने। इशांत शर्मा, इयोन मोर्गन , लुंगी नगीदी, तबरेज शम्सी, अरोन फिंच और कूल्टर नाइल जैसे बड़े खिलाड़ी अनसोल्ड रहे। शुभम शर्मा अनसोल्ड रहे। के भगत वर्मा को चेन्नई ने 20 लाख में खरीदा। चिंतल रेड्डी अनसोल्ड रहे। भरत शर्मा अनसोल्ड रहे। फाइनल राउंड में ह्यूग एडमीड्स ने आक्शनर की भूमिका निभाई। सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई ने 30 लाख में खरीदा।
अखिलेश ने कासगंज, एटा, फिरोजाबाद को बताया घर का चुनाव, बोले भाजपा वाले आने से पहले सोचेंगे
फिरोजाबाद में अखिलेश यादव ने फिरोजाबाद, एटा, सिरसागंज को बताया घर का चुनाव। बोले छतों पर जिस तरह लोग दिख रहे हैं। उससे साफ दिख रहा है कि भाजपा का सफाया होने वाला है। भाजपा वाले अभी नहीं आए होंगे। अब सोचेंगे की आए या नहीं। भाजपा झूठी पार्टी है या नहीं। किसान से कहा था की आय दोगुनी कर देंगे, लेकिन फसल का पैसा तक नहीं दे पाई। खाद नहीं दे पाई और बोरी में से चोरी हो गई। कहते थे कि हवाई चप्पल वाले हवाई यात्रा करेंगे, लेकिन पेट्रोल इतना महंगा कर दिया कि गाड़ी नहीं चल पा रही हैं। बोले 11 लाख सरकारी नौकरियां खाली हैं। सपा सरकार बनेगी तो सभी पद भरे जायेंगे। कोरोना के कारण कई नौजवान ओवर एज हो गए उन्हें उम्र की छूट दी जाएगी। बीएड बीटीसी वालों को मौका मिलेगा।सिरसागंज विस क्षेत्र के गुड़ मंडी मैदान पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा जब अक्षय सांसद थे तब देखा होगा। सड़कें बनाई। जहां बीहड़ की तरफ जाने मैं डरते थे। वहां एक्सप्रेस बनाया।कारोबारियों के लिए ग्लास सिटी बनायेंगे। ताकि उद्यमियों को राहत मिले। किसानों का आलू न खराब न हो। किसान को घाटा न हो, इसके लिए काम होगा। बजट से किसानों की मदद के लिए अलग से पैसा रखेंगे।ये चुनाव किसानों की खुशहाली के साथ सम्मान का चुनाव भी है। खेत को बचाना और अपने वोट को भी बचाना।हम भाजपा वालों को बधाई देना चाहते हैं। कहते हैं कि परिवार बड़ा हो गया। हम पर परिवारवाद का आरोप लगाते हैं। अब वे हमारे रिश्तेदारों का सफाया कर रहे हैं। उन्हें यहां से कोई प्रत्याशी नहीं मिला। बीजेपी के घोषणा पत्र में ही बात झूठी है। विज्ञापन में जो तस्वीर थी वो झूठी थी। कानून व्यवस्था पर बात करते हैं। सब जानते हैं कि हाथरस की बेटी के साथ क्या किया। परिवार वालों को मुंह दिखाए बिना सम्मान के अंतिम संस्कार कर दिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के बयान पर प्रियंका गांधी का पलटवार- राहुल मेरे लिए जान दे सकता है, विवाद योगी के मन में है
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्वीट पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मेरे और राहुल के बीच विवाद हो ही नहीं सकता है। मैं अपने भाई के लिए अपनी जान दे दूंगी और मेरा भाई भी मेरे लिए अपनी जान दे देगा तो विवाद कौन-सा?उन्होंने कहा कि विवाद तो योगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमित शाह के बीच है। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी ने ट्वीट किया था कि भाई-बहन के आपसी विवाद और वर्चस्व के कारण कांग्रेस डूब जाएगी जिस पर प्रियंका गांधी ने जवाब दिया है। प्रदेश में दूसरे चरण के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है जिसके लिए लगातार राजनीतिक दल लगातार प्रचार कर रहे हैं।आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। चुनाव के नतीजे 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।
15-18 आयु वर्ग के 70 फीसदी किशोरों को लगी कोविड टीके की पहली खुराक, जानें देश में कोरोना के हालात
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को कहा कि 15-18 आयु वर्ग के किशोरों को कोविड टीके की पहली खुराक दी गई। उन्होंने कहा, युवा भारत दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान को और भी मजबूत बना रहे हैं। हमारे 15-18 आयु वर्ग के 70 प्रतिशत से अधिक बच्चे कोविड टीके की पहली खुराक प्राप्त कर चुके हैं। मैं अन्य सभी पात्र युवाओं से अपील करता हूं कि वे जल्द से जल्द कोविड रोधी टीका लगवाएं। देशभर में तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण शुरू हुआ था।
एलआईसी आईपीओ : एलआईसी ने आईपीओ उतारने के लिए सेबी से मांगी मंजूरी, मार्च तक बाजार में आने की संभावना
लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम को उतारने के लिए रविवार को दस्तावेजों का मसौदा बाजार नियामक सेबी के समक्ष दाखिल कर दिया। अब माना जा रहा है कि सेबी की मंजूरी के बाद एलआईसी मार्च में ही अपने आईपीओ को बाजार में उतार सकती है।सरकार ने देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी के आईपीओ को संपन्न कराने के लिए पिछले साल सितंबर में 10 मर्चेंट बैंकरों की नियुक्ति की थी। इनमें गोल्डमैन सैक्स, सिटीग्रुप और नोमुरा भी शामिल हैं। वहीं कानूनी सलाहकार के तौर पर सिरिल अमरचंद मंगलदास को नामित किया गया था। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने जुलाई 2021 में एलआईसी के विनिवेश को मंजूरी दी थी। इसे देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है।आम आदमी कैसे कर सकेगा आईपीओ में निवेश?एलआईसी आईपीओ में निवेश करने के लिए सबसे पहले आपके पास एलआईसी पॉलिसी खाते से जुड़ा पैन और डीमैट अकाउंट होना जरूरी है। यानी आपको जल्द से जल्द इन दोनों को कामों को निपटाना जरूरी है। गौरतलब है कि एलआईसी 65 से अधिक वर्षों से भारत में जीवन बीमा प्रदान कर रहा है। आकलन के मुताबिक, भारीतय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की कुल संपत्ति देश के दूसरे सबसे बड़े निजी बीमाकर्ता, एसबीआई लाइफ की संपत्ति से 16.3 गुना ज्यादा है। इस संबंध में जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, एलआईसी 36.7 खरब एयूएम के साथ भारत में सबसे बड़ा परिसंपत्ति प्रबंधक है। इसका एयूएम स्टैंडअलोन आधार पर वित्त वर्ष 2011 के लिए भारत की जीडीपी के 18 फीसदी के बराबर था।
बन्नादेवी क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर सेल्फी ले रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत
अलीगढ़ बन्नादेवी थाना क्षेत्र के बरौला फाटक के पास रविवार को रेलवे ट्रैक पर सेल्फी ले रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। वह घर से बाइक लेकर अलीगढ़ के लिए निकला था। हादसा देख राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस के अनुसार लोधा थाना क्षेत्र के गांव नेहरा निवासी तनुज 20 वर्ष पुत्र दयाराम एक फैक्ट्री में नौकरी करता था। परिवार में पत्नी व एक बेटा है। रविवार की शाम वह बरौला फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा है। तभी अचानक ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आकर तनुज के चीथड़े उड़ गए। ट्रेन गुजरते ही ट्रैक पर शव पड़ा देख राहगीर दौड़ पड़े। देखते ही देखते राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुच गई। पुलिस ने शव के पास मिले मोबाइल के आधार पर संपर्क किया तो परिजन आ गए। परिजनों ने शव की शिनाख्त तनुज निवासी लोधा के गांव नेहरा के रूप में कर ली। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के अनुसार बीते दिनों पिता की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। घर की जिम्मेदारी तनुज के ऊपर ही थी। जैसे ही परिवार में मौत की खबर पहुंची तो परिजनों के होश उड़ गए। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
अलीगढ़ में रोमांचकारी क्रिकेट मैच में पत्रकार एकादश ने प्रशासन को सात विकेट से हराया
अलीगढ़ में खेल नुमाइश के तहत महुआखेड़ा स्थित क्रिकेट मैदान पर प्रशासन एकादश व पत्रकार एकादश टीमों के बीच टी-20 क्रिकेट मुकाबला खेला गया। इसमें पत्रकार एकादश की टीम ने प्रशासन एकादश टीम को सात विकेट से हराकर विजेता ट्राफी कब्जाई। दोनों ही टीमों ने बल्लेबाजी व गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन, कप्तान सुरजीत पुंढीर की अगुवाई में पत्रकार एकादश की टीम विपक्षियों पर भारी पड़ी। बतौर मुख्य अतिथि नगर आयुक्त गौरांग राठी ने पत्रकार एकादश टीम को विजेता ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। उत्कृष्ट खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। टास जीतकर प्रशासन एकादश के कप्तान शुभम पटेल ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। रात की ओस से भरी पिच का मिजाज भांपने में वे चूक कर गए। जिसका फायदा पत्रकार एकादश की टीम ने जमकर उठाया। प्रशासन टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 160 रन बनाए। इसमें अनिरुद्ध चौधरी ने 46 व शुभम पटेल ने 16 रन का योगदान दिया। नगर आयुक्त गौरांग राठी ने 15 रन बनाए। अन्य कोई बल्लेबाज दहाई का अंक नहीं पार कर सका। पत्रकार एकादश की ओर से लालू ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिए। गोपाल ने चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश टीम ने दमदार शुरुआत कर मैच को एकतरफा बना दिया। टीम ने 16 ओवर में मात्र तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की। इसमें बबलू ने 103 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। शंकर ने 27 रन बनाए। कप्तान सुरजीत ने 12 रन बनाए। गोपाल चार रन बनाकर व इकराम बिना रन बनाए नाबाद लौटे। मैन आफ द मैच शतकवीर बबलू को चुना गया। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का खिताब अनिरुद्ध चौधरी और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब लालू को मिला। इस दौरान एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार, अर्जुन सिंह फकीरा, जिया अहमद खान व मसूद उज जफर अमीनी आदि मौजूद रहे।
अलीगढ़ में भाजपा पार्षद के साथ अभद्रता, हिदुत्ववादियों में गुस्सा, घेरी कोतवाली
ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र के उस्मानपाड़ा में मोहल्ले के ही लोगों ने भाजपा पार्षद सूरज माहौर के साथ दुर्व्यवहार कर दिया। उन्हें जान से मारने की धमकी दी। हिदुत्ववादियों को जानकारी हुई तो कोतवाली पहुंच गए। कोतवाली में विरोध जताते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।सूरज माहौर वार्ड-7 से भाजपा के पार्षद हैं। पार्षद के अनुसार, वे उस्मानपाड़ा क्षेत्र में नगर निगम के स्तर से कराए जा रहे निर्माण कार्य को देखने गए थे। सोमवार सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि कार्य को मोहल्ले के ही बदर मुनीर, तस्दीक, वलीद अहमद और शेखू ने रोक दिया है। जब वे वहां पहुंचा तो ये चारों लोग आ गए। आरोप है कि जातिसूचक शब्द कहे। धमकी देते हुए कहा हमारे क्षेत्र में हमारी अनुमति के कार्य नहीं करा सकता। कार्य कराना है तो 20 हजार रुपये देने होंगे। पार्षद ने सरकारी कार्य होने की बात कही तो उन लोगों ने काम तमाम करने की धमकी देते हुए कहा आज तू यहां से लौट नहीं पाएगा। आरोप है कि आरोपितों ने अन्य लोगों को भी बुला लिया। जिनके हाथ में चाकू थे। पार्षद का कहना है कि वहां से किसी तरह भागकर जान बचाई। इस घटना की सूचना पर पूर्व मेयर शकुंतला भारती, भाजपा महानगर मंत्री संजू बजाज, रघुवीरपुरी मंडल अध्यक्ष राजकुमार महामंत्री चंद्रमोहन ऊपरकोट कोतवाली पहुंच गए। संजू बजाज का कहना है कि सपा शासन काल मे गुंडई करने वाले लोग यह कहते हुए फिर से गुंडई पर उतर आए है कि सपा की सरकार बनने वाली है। भाजपा पार्षद के साथ अभद्रता के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस मौके पर सतीश माहौर, संजय माहौर, विजेंद्र सैनी, रवि वाल्मीकि, संदीप कुमार, हर्षद हिदू, विशाल देशभक्त, सुनील कुमार शामिल थे।
अलीगढ़ में साथा चीनी मिल न चलने पर आक्रोशित किसानों ने हंगामा काटा, मौके पर पहुंचे किसान नेता
अलीगढ़ में कासिमपुर स्थित साथा चीनी मिल में सात दिनों से गन्नों से लदी ट्राली लेकर खड़े गन्ना किसानों के सब्र का बांध लंबे इंतजार के बाद आखिर टूट गया। रविवार की सुबह साथा चीनी मिल के अदंर घुस कर गन्ना किसानों ने मिल के महाप्रबंधक राम शंकर का घेराव करते हुए जमकर हंगामा काटते हुए जल्द बेगास की व्यवस्था करवा कर मिल चलाने की बात कहीं।यहां बता दे बीते सोमवार से साथा चीनी मिल बेगास के अभाव में बंद पड़ी हुई है। मिल यार्ड में दर्जनों गन्नों से लदी ट्रालियां अपनी पेराई का इंतजार कर रही है।मिल होने होने के चलते गन्ना खरीद भी ठप पड़ी हुई है। अभी क्षेत्र का आधा गन्ना भी मिल तक नहीं पहुंच पाया है। गन्ना खरीद ठप होने के चलते खेतों में खड़ी गन्नें की फसल की कटाई भी बंद हो चुकी है।इस कारण दूसरी फसल करने के लिए किसान लेट हो रहा है। प्रबंधन की दो गाड़ी बेगास की मांग पर सिर्फ एक गाड़ी बेगास ही मिल तक पहुंच पाया है जो मिल चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है। प्रबंधन के द्वारा गन्ना किसानों को सुबह -शाम तक मिल चलने की बात कह कर शांत रखा जा रहा था लेकिन रविवार को गन्ना किसानों का सब्र टूट गया।मिल पर गन्ना किसानों की हंगामें की जानकारी पर भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के प्रदेश महामंत्री डा. शैलेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल मिल पहुंचा। चीनी मिल पहुंच कर महाप्रबंधक रामशंकर से गन्ना पेराई रूकने का कारण जाना। प्रबंधक के द्वारा बताया गया कि मिल चलाने के लिए बेगास भरपूर मात्रा में नहीं मिल पा रहा है। इस से ड़ा.शैलेंद्र पाल सिंह ने जिले के प्रशासनिक स्तर के आला अधिकारियों को अवगत कराया।
