

-भादासर, खींया, कनोई, सिपला एवं रामा के लिए जारी हुआ आदेश,
– जिला मजिस्ट्रेट नमित मेहता ने जारी किया आदेश
जैसलमेर ।जिला मजिस्ट्रेट (कलक्टर) नमित मेहता ने जिले के हाई रिस्क होने से घोषित प्रतिषिद्ध क्षेत्र ग्राम भादासर (ग्राम पंचायत मोकला), ग्राम खींया (ग्राम पंचायत खींया), ग्राम कनोई (ग्राम पंचायत कनोई), ग्राम सिपला (ग्राम पंचायत सिपला ) एवं ग्राम रामा (ग्राम पंचायत रामा, जिनमें कस्बा क्षेत्र भी शामिल है, में कुछ शिथिलताएं देने का आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार इन क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं (किराणा व जनरल स्टोर की दुकानों, खाद्य सामग्री, दवाइयां, दूध, सब्जी, रसोई गैस ) के संचालन को कोविड -19 के दिशा निर्देशों की पालना ( चेहरे पर मास्क एवं सामाजिक दूरी रखते हुए) के साथ प्रातः 7 बजे से सायंकाल 7 बजे तक अनुमत किया गया है।
इन उपरोक्त आवश्यक सेवाओं के लिए आम जन का विचरण अनुज्ञेय होगा। इसके लिए पृथक से कोई पास की आवश्यकता नहीं होगी। यह स्पष्ट किया गया है कि जिले में धारा 144 के तहत जारी निषेधाज्ञा सम्पूर्ण जैसलमेर जिले में पहले की ही तरह प्रभावशील रहेगी।


काश्तकारों को तीन प्रतिशत ब्याज पर रहन ऋण उपलब्ध होगा
इस सम्बन्ध में बैठक मंगलवार को
जैसलमेर। राज्य सरकार द्वारा किसानों के हितार्थ सहकार किसान कल्याण योजनान्तर्गत कृषि उपज के विरूद्ध वर्तमान कोविड-19 के संक्रमण काल में काश्तकारों को 3 प्रतिशत ब्याज पर रहन ऋण उपलब्ध करवाये जाने के सम्बन्ध में प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मंगलवार, 26 मई को प्रातः 10ः30 बजे कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में एक आवश्यक बैठक आयोजित होगी।
जैसलमेर – क्वारंटीन सेंटर्स के प्रबन्धों का अवलोकन,
होम क्वारंटीन का औचक निरीक्षण
जैसलमेर /जिला कलक्टर नमित मेहता के निर्देश पर अधिकारियों ने जिले का दौरा कर विभिन्न क्षेत्रों में होम क्वारंटीन में रखे गए लोगों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत स्तरीय टीमों ने भी अपने क्षेत्र में इसी प्रकार होम क्वारंटीन लोगों के घरों के पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी ने इन लोगों को पाबंद किया कि वे घरों में ही रहें।
इसी प्रकार अधिकारियों ने क्वारंटीन सेंटर्स का अवलोकन किया और विभिन्न प्रबन्धों का जायजा लिया तथा बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर विकास न्यास के सचिव अनुराग भार्गव और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. बारूपाल ने माहेश्वरी हॉस्पिटल में विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा, तमाम प्रबन्धों की समीक्षा की तथा उपचाररत पोजिटीव मरीजों से फोन कॉल्स और वीडियो कॉल्स के माध्यम से बातचीत की और कुशलक्षेम पूछी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश ने रविवार को नाचना में संस्थागत क्वारंटाईन सेंटर का निरीक्षण तथा क्षेत्र में होम क्वारंटीन में रह रहे लोगों से बातचीत कर उनके हाल-चाल जाने और घरों में ही रहने की हिदायत दी।


जैसलमेर – सब्जी मण्डी में सब्जी व्यापारियों व मजदूरों के सेंपल लिए
जैसलमेर /जैसलमेर शहर की सब्जी मण्डी में रविवार को चिकित्सकों की टीम ने सब्जी व्यापारियों एवं मजदूरों की कोरोना संक्रमण जांच के लिए 30 सेंपल लिए। यह कार्य खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लालचन्द देवन्दा के निर्देशन में किया गया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूलसिंह बाजिया, प्रवर्तन निरीक्षक सवाईराम आदि ने सब्जी मण्डी में निरीक्षण किया।
जैसलमेर – रविवार को 94 रिपोर्ट प्राप्त, 4 पोजिटीव, 90 नेगेटिव,
रविवार को 135 सेम्पल लेकर जांच के लिए भिजवाए
जैसलमेर / जैसलमेर जिले से पूर्व में भिजवाए गए सेंपल्स में 94 की रिपोर्ट रविवार को प्राप्त हुई। प्राप्त रिपोर्ट्स में 4 जने कोरोना संक्रमित पाए गए जबकि शेष 90 जनों की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है। रविवार शाम तक कुल 135 जनों के सेंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.के. बारूपाल ने बताया कि आरंभ से लेकर अब तक जैसलमेर जिले में 4 हजार 677 सेंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए गए। इनमें 4 हजार 196 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें अब तक 68 पोजिटीव आए हैं तथा 4 हजार 128 जनों के सेंपल कोरोना जांच में नेगेटिव आए हैं। उन्होंने बताया कि 22 मई को जैसलमेर से 68 सेंपल जांच के लिए भिजवाए गए थे। इनमें से 65 नेेगेटिव आए हैं तथा 3 की रिपोर्ट पोजिटीव आयी है। इसी प्रकार 22 मई को पोकरण से भेजे गए सभी 21 सेंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जैसलमेर जिले के कोरोना संक्रमित होने पर जोधपुर अस्पताल में भर्ती कराए गए 4 जने संक्रमण मुक्त होने पर हॉस्पिटल से रविवार को डिस्चार्ज कर दिए। इनमें दो पोकरण-फलसूण्ड क्षेत्र के हैं जबकि दो जैसलमेर क्षेत्र के हैं जो कि स्वस्थ होकर लौट रहे हैं।


जैसलमेर – सिविल डिफेंस फायर ब्रिगेड़ ने पाया आगजनी पर काबू
जैसलमेर /सिविल डिफेंस फायर वाहन और टीम आगजनी पर त्वरित काबू पाने की दिशा में बेहतर भूमिका अदा कर रहा है। पिछले दो-तीन दिन में फायर वाहन और टीम ने त्वरित गति से मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने में सफलता पायी।
सिविल डिफेंस फायर टीम में सेक्टर वार्डन गजेन्द्रसिंह पंवार ने अपने सहयोगी फायर फाईटर्स हिम्मतसिंह, देवीसिंह, समुन्दरसिंह आदि ने मिलकर आग पर काबू पाया।
सेक्टर वार्डन गजेन्द्रसिंह पंवार ने बताया कि फायर वाहन एवं टीम ने अवाय की वनपट्टी में आग लगने की सूचन पाते ही मौके पर पहुंच कर अन्य फायर वाहनों व फायर फाईटर्स के साथ देर रात तक आग बुझाने की कार्यवाही की और आग पर काबू पाया।
उन्होंने बताया कि सिविल डिफेंस फायर टीम ने इस दौरान पुलिसकर्मियों, ग्रामीणों और पोकरण, नोख और सोलर प्लांट की दमकलों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग दिया।
