-मुकेश पूनिया-
बीकानेर। कोरोना की आपदा के दौर में जिला प्रशासन की ओर से किये गये बेहतर बंदोबश्तों तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग टीमों की सतकर्ता से लॉकडाउन के सातवें दिन तक हमारा बीकानेर जानलेवा महामारी के संक्रमण से पूरी तरह सुरक्षित है। खबर यह भी मिल रही है कि फिलहाल बीकानेर सेफ जोन के रूप में चिन्हित है,अगर हमनें थोड़े दिन और लॉकडाउन की एडवाइजरी और सोशल डिस्टेंस का पालन किया तो इसके उत्साही परिणाम सामने आयेगें। इस बीच खबर है आई कि सेफ जोन की कदम बढा रहे बीकानेर में कई बाहरी लोगों का आवागमन शुरू हो गया है,इनमें कई लोग ऐसे भी है जो काम धंधे के सिलसिले में देश प्रदेश में दूसरें शहरों में चले गये थे जो अब चोरी-छूपे लौटने लगे है। इन लोगों की दस्तक बीकानेर को संक्रमण की सौगात दे सकती है। जिले के ग्रामीण अंचलों में ऐसे लोगों की संख्या ज्यादा बताई जाती है। इनमें महाराष्ट्र व गुजरात से आने वालों की संख्या सबसे ज्यादा है।जो चिंता का विषय है। भगवान न करे कोई संक्रमित हो, लेकिन यदि ऐसा एक भी व्यक्ति आ गया तो राहत की संास ले रहे बीकानेर में भी स्थिति बेकाबू होते देर नहीं लगेगी। जानकारी के अनुसार अभी शुक्रवार की शाम ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली कि गंगाशहर रोड़ पर जैन आई होस्पीटल के सामने रहने वाले लूणिया परिवार के यहां गुजरात से आया एक जना ठहरा हुआ है,चौंकाने वाली बात तो यह है कि लूणिया परिवार ने ना तो इस व्यक्ति का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और ना ही स्क्रिनिंग,परिवार ने इस व्यक्ति को होम आईसोलेशन में भी नहीं रखा। इसकी सूचना मिलते ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभााग की टीम अलर्ट मोड़ में आ गई। इस बीच कोरोना से संक्रमित जयपुर और झुंझनूं से भी कई लोगों के बीकानेर आने की खबर है,विडम्बना यह है कि घर परिवार के लोग ही बाहर से आने अपने परिजनों को उपस्थिति छुपाने में लगे है। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम पड़ोसी शहर नागौर में ट्रकों में आए नोखा के कई युवाओं की स्वास्थ्य जांच की गई और आगे के लिए रवाना किया गया। इनमें शामिल एक युवक ने बताया कि वहां काम बंद है और कमरे में बैठकर कितने दिन खाना खा सकते हैं।अन्य युवकों ने भी कमोबेश इसी तरह की स्थिति बयान की।

अब अखरने लगा है सड़कों पर पसर सन्नाटा
बीकानेर। कोरोना वायरस महामारी के संकट से बचाव के लिये लागू लॉकडाउन के आठवें दिन बीकानेर में सन्नाटे का आलम बरकरार रहा,सड़कों चौराहो पर पुलिस की कड़ी पहरेदारी के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। लगातार आठ दिनों सन्नाटे के हालात अब लोगों का अखरने लगे है,जो लोगों को किसी काम के सिलसिले में बाहर निकलना पड़ रहा है वह अब सन्नाटा देखकर घबराने लगे है। हालांकि सुबह सेवेरे शहर में हल्की चहल कदमी देखने को मिल रही है लेकिन देर सुबह बाद घौर सन्नाटे के हालात रहने लगे है। रविवार को भी लॉक डाउन के दौरान लोग घरों में ही कैद रहे,लेकिन कुछ लोग शहर के मुख्य चौराहों, तिराहों, गली-मोहल्लों में बेवजह घूमते नजर आए। हालांकि इन लोगों से पुलिस ने घूमने का कारण पूछा तथा स्पष्ट नहीं बताने वालों के वाहन जब्त किए या फिर चालान बनाए। रविवार को पूगल रोड़ स्थित मुख्य सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंस को लेकर खासी सख्ती रही। जानकारी के अनुसार मुख्य सब्जी मंडी में पिछले सप्ताहभर से लॉक डाउन और सोशल डिस्टेंस की उड़ रही धज्जियों को लेकर मीडिया में प्रसारित हुई खबरों के बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर मंडी प्रशासन और पुलिस ने सख्ती बढा दी।