

दिल्ली चुनावों में मिली हार के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपना नया प्रदेश अध्यक्ष चुनने का मन बना लिया है। भाजपा ने अपना अगला प्रदेश अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके लिए पार्टी ने मंगलवार और बुधवार को सांसदों, विधायकों, मोर्चा प्रमुखों और अन्य पदाधिकारियों से उनकी राय मांगी है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में 70 में से आठ सीटें जीतने के बाद वर्तमान दिल्ली भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी ने इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि, अगला प्रमुख नियुक्त किए जाने तक उन्हें पद पर बने रहने के लिए कहा गया है।


पार्टी के सूत्रों ने कहा कि बैठक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव पी मुरलीधर राव और महिला विंग की प्रमुख विजया रहाटकर की अध्यक्षता में हुई। इस बैठक में इन दोनों के अलावा पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद थे। इस बैठक में नेताओं से दिल्ली का अगला अध्यक्ष किसे बनाना चाहिए इस पर सुझाव मांगा गया।
