– ( मुकेश पुनिया )
बीकानेर। कांग्रेस के संगठन में हुई नियुक्तियों के दौर में शहर कांग्रेस की कमान एक फिर निर्वतमान शहर अध्यक्ष यशपाल गहलोत को सौंपी गई है। इसके साथ ही यशपाल गहलोत का अब नगर विकास न्यास चैयरमेनशीप की दावेदारी से बाहर हो गया है। इससे यशपाल के समर्थकों आधी खुशी,आधा गम का माहौल है। जानकारी में रहे कि बीते करीब सात साल से शहर कांग्रेस की कमान संभाल रहे यशपाल गहलोत को इस बार नगर विकास न्यास चैयरमेनशीप का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था। समर्थकों को पक्की उम्मीद थी कि यशपाल को न्यास अध्यक्ष की गोल्डन चैयर मिल जायेगी ।

लेकिन न्यास चैयरमेनशीप की दावेदारी के लिये पूर्व संसदीय सचिव कन्हैयालाल झंवर का नाम सामने आने के बाद यशपाल की दावेदारी कमजोर पड़ गई। ऐसे में उन्हे एकबार फिर शहर कांग्रेस अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। बुधवार की शाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किये जाने के बाद यशपाल गहलोत ने कहा कि अपनी जिम्मेदारी पहले से ज्यादा मजबूती के साथ निभाऊंगा। जानकारी में रहे कि कैबिनेट मंत्री डॉ.बीडी कल्ला के सगे भतीजे अनिल कल्ला ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिये अपनी समूची ताकत झोंक रखी थी। इसके अलावा कल्ला लॉबी के सुशील थिरानी,अरविन्द मिढ्ढा,पूर्व न्यास चैयरमेन हाजी मकसूद अहमद समेत करीब आधा दर्जन नेताओं का नाम शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल था। यशपाल को पुन: शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनाये जाने पर उनके समर्थकों के प्रसन्नता की लहर है। बुधवार शाम को जैसे ही यशपाल को कांग्रेस जिलाध्यक्ष घोषित करने की खबर आई सैकड़ों की तादाद में समर्थक उनके आवास पर बधाईयां देने पहुंच गये।