Site icon OmExpress

रंधावा की सीएम और मंत्रियों के साथ की गई मैराथन फीडबैक बैठक में सरकार रिपीट करने पर सुझाव दिए

-थर्ड ग्रेड टीचर्स के तबादले करने पर सहमति – मंत्री का सुझाव,गहलोत-पायलट की लड़ाई मिटाएं – 30 फीसदी मंत्रियों के टिकट काटने का सुझाव

जयपुर । कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की सीएम और मंत्रियों के साथ की गई मैराथन फीडबैक बैठक में प्रदेश में चुनावी साल में थर्ड ग्रेड टीचर्स के तबादले करने पर सहमति बन गई है। गुरुवार देर रात तक चली बैठक में मंत्रियों ने सरकार रिपीट करने पर सुझाव दिए तो कई बार आपस में नोकझोंक भी हो गई। वहीं, मीटिंग में 30 फीसदी मंत्रियों के टिकट काटने का भी सुझाव आया। बैठक में थर्ड ग्रेड टीचर्स के तबादलों पर बैन हटाने पर सहमति बन गई है। साल 2016 के बाद भर्ती हुए ग्रेड थर्ड टीचर्स के तबादले होंगे। सीएम अशोक गहलोत ने मंत्रियों के सुझाव आने के बाद शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला से तबादले करने को कहा है। तबादलों को लेकर मंत्रियों की अलग अलग राय थी। स्वास्थ्य मंत्री सहित अधिकांश मंत्रियों ने थर्ड ग्रेड शिक्षकों के तबादले करने की पैरवी की। मुरारीलाल मीणा, बृजेंद्र सिंह ओला सहित कुछ मंत्रियों की राय थी कि इन तबादलों को फिलहाल नहीं खोला जाए। ज्यादातर मंत्री तबादलों के पक्ष में थे। गहलोत ने शिक्षा मंत्री से कहा कि जब सर्वसम्मति है तो ये ट्रांसफर होने चाहिए और पहले की तरह ही हों। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रंधावा ने थर्ड ग्रेड शिक्षक तबादलों के लिए किसी भी तरह की नई पॉलिसी नहीं लाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे तो पंजाब में हमारे खिलाफ माहौल बन गया और सरकार चली गई। ये तबादले बिना पॉलिसी का इंतजार किए होने चाहिए।

Exit mobile version