बीकानेर।राज्य के अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में संविदा पर शिक्षकों की भर्ती से पहले ही शिक्षा विभाग में 450 हिंदी मीडियम स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में कन्वर्ट कर दिया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी की गई इस स्वीकृति के बाद अब राज्य में इंग्लिश मीडियम स्कूलों की संख्या 1620 से बढ़कर 2070 हो चुकी है। दरअसल, राज्य के इंग्लिश मीडियम स्कूलों में तृतीय श्रेणी शिक्षकों के 9712 पदों पर भर्ती के लिए 10 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए हैं । राज्य के अंग्रेजी माध्यम के महात्मा गांधी स्कूल और अन्य स्कूलों में राजस्थान कांट्रेक्चुअल हायरिंग सिविल पोस्ट रूल्स 2022 के तहत लेवल वन और लेवल सैकंड के 9712 पदों पर भर्ती होगी।

इनमें लेवल वन के 7140 और लेवल सेकंड के अंग्रेजी-गणित के 2572 पद शामिल है। इन पदों पर भर्ती के लिए अब तक करीब 28 हजार अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। उधर, इसी बीच माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सीएम की बजट घोषणा 2022-23 के तहत बीकानेर सहित राज्य के 29 जिलों में संचालित 450 हिंदी मीडियम स्कूलों को महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम स्कूल में कन्वर्ट कर दिया है। रूपांतरित किए गए इन स्कूलों में शिक्षा सत्र 2023-24 से विद्यार्थियों को पहली से पांचवीं कक्षा में प्रवेश मिलेगा। आगामी सत्रों में कक्षा 6 से 8 शुरू की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक गौरव अग्रवाल ने इस संबंध में संबंधित जेडी और सीडीओ को निर्देश जारी किए हैं।

-हिंदी मीडियम स्कूलों को अंग्रेजी में बदलने का विरोध
राजस्थान वरिष्ठ शिक्षक संघ रेस्टा ने हिंदी मीडियम स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदलने का विरोध किया है। संगठन के प्रदेश प्रवक्ता बसंत कुमार ज्याणी ने कहा कि अंग्रेजी माध्यम के लिए हिंदी माध्यम विद्यालयों को रूपांतरित करने के बजाय नए सिरे से राज्य सरकार को अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोलने चाहिए।

-बीकानेर के 17 स्कूल हुए अंग्रेजी मीडियम :
बीकानेर जिले के 17 स्कूलों को इंग्लिश मीडियम में बदला गया है। जिसमें श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक के छह, खाजूवाला ब्लॉक के दो, नोखा ब्लॉक के पांच, और कोलायत ब्लॉक की चार स्कूल शामिल है। इसी के साथ ही बीकानेर में अब इंग्लिश मीडियम स्कूलों की संख्या 101 से बढ़कर 118 हो गई है।
नए 450 स्कूलों में 67,500 विद्यार्थियों को मिलेगा प्रवेश: हिंदी से इंग्लिश में कन्वर्ट हुए प्रदेश के 450 स्कूलों में 67,500 विद्यार्थियों को पहली से पांचवी में प्रवेश मिलेगा। वर्तमान में राज्य की 1620 इंग्लिश मीडियम स्कूलों में तीन लाख तीन हजार विद्यार्थियों का नामांकन है। नए सत्र से स्कूलों की संख्या 2070 के करीब पहुंच जाएगी।

450 और महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल घोषित किए गए हैं। पूर्व से संचालित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों के पूरे पद स्वीकृत नहीं किए गए हैं। इससे वहां अंग्रेजी में पढ़ाने वाले शिक्षक दूसरी हिंदी माध्यम स्कूलों से वेतन ले रहे हैं यह समीचीन नहीं है। वित्त विभाग द्वारा महात्मा गांधी स्कूल स्वीकृति के साथ ही पद स्वीकृत किए जाने चाहिए।