हर्षित सैनी
रोहतक, 18 दिसम्बर। रोहतक पुलिस ने अपहृत नाबालिग लड़की को सुकशल उत्तर प्रदेश से बरामद कर अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है।
रोहतक के उप पुलिस अधीक्षक रोहतक सज्जन कुमार ने बताया कि एक महिला ने थाना अर्बन एस्टेट में शिकायत दर्ज कराई कि 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली उसकी लड़की विगत 9 सितम्बर को सुबह 7 बजे स्कूल में पढ़ने के लिए गई थी, जो वापिस घर नहीं आई। पुलिस ने शिकायत पर तुरंत कार्यवाही करते हुए धारा 366 भा.द.स. के तहत अभियोग संख्या 366/19 थाना अर्बन एस्टेट अंकित कर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच सामने आया कि उम्र 17 वर्षीया लड़की को गांव समुलिया, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी विशाल अपहरण करके फरार हो गया है। लड़की को बरामद करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया तथा संभावित ठिकाने के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने गत 16 दिसम्बर को छापेमारी करते हुए गांव समुलिया (उत्तर प्रदेश) से लड़की का सकुशल बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि दौराने जांच मामलें में एस.सी./एस.टी. एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। लड़की के मजिस्ट्रेट के समक्ष कथन अंकित कराए गए तथा बाल कल्याण अधिकारी के सम्मुख पेश किया गया। 17 दिसम्बर को आरोपी विशाल को मामले में गिरफ्तार किया गया।

डीएसपी के मुताबिक जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल उम्र 21 साल गांव रोहद (जिला झज्जर) स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता था। उसी फैक्टरी में लड़की का भाई भी नौकरी करता था। लड़की के भाई के साथ आरोपी की दोस्ती हो गई तथा लड़की का घर आना जाना हो गया। इसी बीच विगत 9 सितम्बर को आरोपी विशाल लड़की का अपहरण करके फरार हो गया, जिसे पुलिस गिरफ्तार करने में सफल रही है।