वैशाली सैनी
रोहतक, 5 मई। स्पेशल ट्रेन से बिहार जाने का रजिस्ट्रेशन शुरू होने की अफवाह पर सोमवार को काफी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख जीआरपी, आरपीएफ ने सख्ती से लोगों को रोका तो वहां पर भगदड़ जैसे हालात हो गए। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने प्रवासियों की लाइन लगवा कर उनको वास्तविकता से अवगत करवाया और वापस घरों की तरफ भेजा।
स्पेशल ट्रेन में पंजीकृत लोगों को सवार किया जाएगा और उनको गंतव्य की तरफ रवाना किया जाएगा। इन सबको लेकर सोमवार सुबह 10:40 बजे दिल्ली रेल मंडल से एडीआरएम आए। उन्होंने अपनी टीम के साथ स्टेशन का निरीक्षण किया और फिर व्यवस्थाएं बनाने को लेकर स्थानीय अफसरों के साथ बैठक की।
वहीं स्पेशल ट्रेन चलने की सूचना मिलने पर पंजीकरण कराने को पहुंचे प्रवासियों की भीड़ उमड़ी तो सुरक्षा कर्मियों ने उनको रोकने की कोशिश की।

लेकिन जब वे नहीं माने तो उन पर सख्ती दिखाई। ऐसे में वहां पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस पर प्रवासी अग्रसेन चौक पर एकत्रित हो गए। इस पर जीआरपी, आरपीएफ ने उनको लाइन में खड़ा करवाया और समझाकर वापस घर भेजा।
लोगों ने बताया रजिस्ट्रेशन की जानकारी सुबह मिली।
लाइन में खड़े लोगों ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे उन्हें पता चला कि स्टेशन पर बिहार जाने वाली ट्रेन के लिए रजिस्ट्रेशन हो रहे हैं। इस वह अपने साथियों के साथ स्टेशन की तरफ आए। जब वह स्टेशन आ रहे थे, तो रास्ते में उन्हें प्रदेश के और लोग भी मिले। जिससे उन्हें यकीन हो गया कि जाने के लिए रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं।
जीआरपी थाना प्रभारी स्नेहीराज ने बताया कि स्टेशन की तरफ आ रहे लोगों को आगे बढ़ने से रोका तो भगदड़ जैसी हालात हो गई। ऐसे में उन्हें रोककर समझाया और बताया कि यहां पर कोई रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहे हैं। इस तरह की प्रक्रिया उपायुक्त कार्यालय अथवा उपायुक्त के आदेश पर चयनित दफ्तर में होती है। इसके बाद लोग लौट गए।