Site icon OmExpress

अब आजम खां पर ईडी का शिकंजा, पूछताछ करने पहुंची सीतापुर जेल

नई दिल्ली,(दिनेश”अधिकारी”)।समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खां की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। जौहर यूनिवर्सिटी के संस्थापक तथा सांसद आजम खां की यूनिवर्सिटी में विदेशों से फंडिंग तथा जमीन पर कब्जे के मामलों में आजम खां व उनके पुत्र अब्दुल्ला आजम से पूछताछ करने ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की टीम सीतापुर जिला जेल पहुंच गई। वहीं, ईडी की टीम ने आजम खां की पत्नी डॉ. तंजीम फात्मा को भी रामपुर से सीतापुर बुलवा लिया। उन्हें विगत मई में जमानत मिली है।उल्लेखनीय हैं कि जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए विदेशों से मिले धन के मामले में ईडी जांच पड़ताल कर रही है। सोमवार को ईडी की टीम रामपुर से सपा सांसद आजम खां और उनके पूर्व विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम खां से पूछताछ करने सीतापुर जेल पहुंची। आजम खां और उनके बेटे के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग तथा जमीन पर कब्जा करने के केस दर्ज हैं। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक आजम खां यूपी में मुलायम सिंह यादव तथा अखिलेश यादव की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। उनकी पत्नी पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. तंजीम फातमा अब रामपुर से विधायक हैं। उनके पुत्र अब्दुल्ला खां भी विधायक थे, लेकिन पासपोर्ट तथा बर्थ सर्टिफिकेट में फर्जीवाड़ा करने के मामले में उनकी विधायकी चली गई और वह भी अपने पिता आजम खां के साथ ही सीतापुर जेल में बंद हैं। आजम खां की पत्नी पर भी सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर केस चला था। वह भी सीतापुर जेल में बंद थी, लेकिन अब जमानत मिलने के बाद से बाहर हैं। रामपुर की जौहर यूनिवर्सिटी में विदेश से धन मिलने के आजम खां के बयान के बाद इसकी जांच जारी है। ईडी की टीम आजम खां से जौहर यूनिवर्सिटी की कई एकड़ की जमीन के डील के बारे में भी पूछताछ करेगी।

Exit mobile version