Site icon OmExpress

अब संसद परिसर में धरना नहीं दे पाएंगे सांसद

मानसून सत्र से पहले राज्यसभा महासचिव का जारी हुआ फरमान
कांग्रेस नेता ने लिखा-विश्वगुरु की नवीनतम सलाह-धरना मना है!

नई दिल्ली : सोमवार से संसद के मानसून सत्र की शुरुआत होने जा रही है। इससे पहले आज एक आदेश जारी किया है, जिसके मुताबिक संसद परिसर में किसी भी धरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बता दें कि संसद के इस सत्र के काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्ष के पास महंगाई, बेरोजगारी, अग्निपथ योजना जैसे ऐसे कई मुद्दे हैं, जिसपर जमकर हंगामा होने के आसार है। राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी के एक नए आदेश के अनुसार, संसद सदस्य किसी भी धरने या हड़ताल के लिए इसके परिसर का उपयोग नहीं कर सकते हैं। आदेश में कहा गया है-सदस्य किसी भी प्रदर्शन, धरना, हड़ताल, उपवास या किसी धार्मिक समारोह को करने के उद्देश्य से संसद भवन के परिसर का उपयोग नहीं कर सकते हैं। उन्होंने सदस्यों से सहयोग की अपील की है। वहीं, इस फैसले का विरोध करते हुए कांग्रेस के मीडिया सेल के प्रभारी जयराम रमेश ने ट्वीट कर इस फैसले पर तंज कसा है। उन्होंने आदेश की चिट्ठी ट्वीट करते हुए लिखा-विश्वगुरु की नवीनतम सलाह-धरना मना है!

Exit mobile version