Site icon OmExpress

अमेजन से राधा-कृष्ण की अश्लील’ पेंटिंग बिक्री पर भड़के हिंदू संगठन, FIR

_ट्विटर पर ट्रेंड हो रहा #Boycott_Amazon

नई दिल्ली : सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर #Boycott_Amazon ट्रेंड कर रहा है। तमाम यूजर्स ई-कॉमर्स वेबसाइट पर राधा और कृष्ण की एक पेंटिंग को लेकर निशाना साध रहे हैं। ये लोग इस पेंटिंग को अश्लील बता रहे हैं। हिंदू जनजागृति समिति ने इस मामले को लेकर FIR दर्ज कराई है। वहीं, अमेजन की ओर से अभी तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
हिंदू संगठन के सदस्यों ने बेंगलुरु के सुब्रमण्य नगर पुलिस स्टेशन को ज्ञापन सौंपा और अमेजन के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की। संगठन का कहना है कि जन्माष्टमी सेल के तहत एक्सोटिक इंडिया ने भी अपनी वेबसाइट पर यही पेंटिंग बेची थी, जिस पर विरोध दर्ज कराया गया। बाद के एक ट्वीट में संगठन ने कहा कि अमेजन और एक्सोटिक इंडिया दोनों ने अपनी वेबसाइटों से पेंटिंग को हटा दिया है। हालांकि यह पर्याप्त नहीं है। अमेजन और एक्सोटिक इंडिया दोनों को बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। साथ ही फिर कभी हिंदुओं की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाने का संकल्प भी लेना चाहिए।
हिंदू जनजागृति नेता ने ट्वीट कर लिखा-अमेजन लगातार भारत के राष्ट्रीय और धार्मिक प्रतीकों व देवताओं का अनादर कर रहा है। अब यह जरूरी हो गया है कि भारत यह सुनिश्चित करने के लिए आक्रामक रुख अपनाए कि अमेजन ऐसी गतिविधियों में फिर शामिल नहीं होगा।
पहले भी लगे हिंदुओं की भावनाएं भड़काने के आरोप
इससे पहले भी कई बार अमेजन पर देश में हिंदुओं की भावनाओं की आहत करने के आरोप लगे हैं। 2019 में इसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें यह अमेरिकी वेबसाइट हिंदू देवताओं की तस्वीरों वाली कालीन और टॉयलेट सीट कवर बेच रही थी। वहीं, पिछले साल कनाडा की साइट पर कर्नाटक के ध्वज और प्रतीक के रंगों वाली बिकनी बेचने पर आलोचना हुई थी।

Exit mobile version