मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा ने कवायद शुरू की

जयपुर। राजस्थान में 199 सीटों पर नतीजे सामने आ गए हैं। चुनाव के नतीजों के मुताबिक, भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। जहाँ भाजपा राजस्थान में 115 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, कांग्रेस 69 सीटों पर सिमट गई है। राजस्थान में 25 नवंबर को वोटिंग हुई थी।

राजस्थान विधानसभा की सीटों के नतीजे आ चुके हैं। 200 विधानसभा सीटों वाले राज्य में 199 सीटों पर वोटिंग हुई थी। एक सीट पर उम्मीदवार की मौत के कारण चुनाव टाल दिए गए थे। 199 सीटों के लिए घोषित नतीजों में भाजपा को 115 सीट, कांग्रेस को 69 सीट, भारत आदिवासी पार्टी को 3 सीट, बहुजन समाज पार्टी को 2 सीट, राष्टीय लोक दल और राष्ट्रिय लोकतान्त्रिक पार्टी को 1-1 सीट मिली। वहीं, निर्दलीयों ने 8 सीटों पर कब्ज़ा जमाया है।

राजस्थान में भाजपा को पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का जनादेश मिलने के बाद अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री से पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। अशोक गहलोत ने राजभवन में माननीय राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपा।

अब, राज्य में मुख्यमंत्री पद को लेकर कवायद शुरू हो गई है। जल्द ही भाजपा द्वारा इसके लिए एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। हालाँकि, भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता लगातार इस बात को दोहरा रहे हैं कि मुख्यमंत्री पद का निर्णय आलाकमान द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा में बाबा बालक नाथ, वसुंधरा राजे, ओम बिड़ला, अर्जुन राम मेघवाल, गजेंद्र सिंह शेखावत और दिया कुमारी के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं।