Site icon OmExpress

असम में बाढ़ ने तांडव मचाया

_24 घंटे में नौ की मौत और आठ लापता, 32 जिलों में 42 लाख लोग प्रभावि

असम।असम में मानसून के पूर्व ही नदियों का रौद्र रूप जारी है। बाढ़ से बदतर हालात के बीच पिछले 24 घंटे में कुल नौ लोगों की डूबने और भूस्खलन की वजह से मौत हो गई, वहीं आठ अब भी लापता हैं। राज्य में इस साल अब तक कुल 71 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से कम से कम 11 लोगों की मौत भूस्खलन की चपेट में आने से हुई है। यह जानकारी असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने दी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बरपेटा और करीमगंज में जिले में दो-दो लोग डूब गए, वहीं, दरंग, हैलाकांदी, नलबाड़ी और शोणितपुर में एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। ताजा जानकारी के मुताबिक राज्य में फिलहाल 32 जिलों के करीब 42 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। केवल बरपेटा जिले में अकेले 7.31 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, दरंग 3.54 लाख, बजाली में 3.52 लाख, होजाई में 1.25 लाख और बंगाईगांव में 1.13 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पड़ोसी देश भूटान में लगातार बारिश की वजह से असम समेत अन्य पड़ोसी राज्यों की नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम के कई हिस्से में ब्रह्मपुत्र, पागलादिया, बेकी, मानस, कपिली, जिया भराली का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर है। लगातार बारिश की वजह से राजधानी गुवाहाटी के विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा राज्य में बाढ़ के हालात की समीक्षा की और सभी जिला प्रशासनों को राहत सामग्री की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version