मंडी, हिमाचल प्रदेश, 16 अक्टूबर 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी (आईआईटी मंडी) के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट द्वारा जापान की AIFUL कॉरपोरेशन के सहयोग से एआईहैक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। उद्योग और शिक्षा जगत के सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस हैकाथॉन का दूसरा संस्करण 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक हिमाचल प्रदेश के कमांद स्थित आईआईटी मंडी परिसर में आयोजित हो रहा है। तीन दिवसीय इस आयोजन में 200 प्रतिभागी प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स और डेटा आधारित नवाचार के माध्यम से वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों के समाधान विकसित करेंगे।
वर्ष 2025 में आयोजित पहले संस्करण की सफलता के बाद एआईहैक 2026 का मुख्य विषय *‘उपभोक्ता वित्त में प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स’** रखा गया है। इस प्रतियोगिता में 2.5 लाख रुपये से अधिक की कुल पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को जापान की AIFUL कॉरपोरेशन द्वारा उपलब्ध कराए गए वास्तविक डेटा सेट का उपयोग करते हुए पूर्वानुमान आधारित मॉडल और व्यावहारिक व्यावसायिक समाधान विकसित करने की चुनौती दी जाएगी।
इस हैकाथॉन का उद्देश्य कक्षा में प्राप्त शैक्षणिक ज्ञान और उद्योग की व्यावहारिक आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को जटिल व्यावसायिक परिस्थितियों को समझने, डेटा से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करने, विश्लेषणात्मक तकनीकों का उपयोग करने और अपने निष्कर्षों को प्रभावी व्यावसायिक सुझावों में बदलने का अवसर मिलेगा।
इस पहल के महत्व पर **आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मिधर बेहेरा** ने कहा, “आईआईटी मंडी में हमारा मानना है कि तकनीकी नवाचार वास्तविक समस्याओं के समाधान पर आधारित होना चाहिए। एआईहैक विद्यार्थियों को अपनी विश्लेषणात्मक समझ का उपयोग वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों के समाधान में करने और अंतरराष्ट्रीय उद्योग विशेषज्ञों के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। AIFUL कॉरपोरेशन के साथ हमारा निरंतर सहयोग उद्योग और शिक्षा जगत के बीच साझेदारी को मजबूत करने तथा अनुभव आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
कक्षा से वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों तक सीखने का अवसर
पारंपरिक शैक्षणिक गतिविधियों से अलग, एआईहैक प्रतिभागियों को डेटा एनालिटिक्स की चुनौतियों को तकनीकी और प्रबंधकीय, दोनों दृष्टिकोणों से समझने का अवसर प्रदान करता है। विद्यार्थी उद्योग से प्राप्त डेटा सेट पर काम करते हुए उपभोक्ता वित्त क्षेत्र के लिए पूर्वानुमान आधारित मॉडल विकसित करेंगे। साथ ही, वे अपने प्रस्तावित समाधानों की व्यावहारिक उपयोगिता और व्यावसायिक प्रभावों का भी आकलन करेंगे।
**आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के अध्यक्ष प्रो. अंजन के. स्वैन** ने कहा, “एआईहैक प्रबंधन शिक्षा को अधिक व्यावहारिक और उद्योगोन्मुख बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस चुनौती का उद्देश्य केवल पूर्वानुमान आधारित मॉडल तैयार करना नहीं है, बल्कि डेटा के पीछे मौजूद व्यावसायिक समस्याओं को समझना और उनके अनुरूप प्रभावी समाधान विकसित करना भी है। लगातार दूसरे वर्ष एआईहैक का आयोजन आईआईटी मंडी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट और AIFUL के बीच निरंतर सहयोग के महत्व को प्रदर्शित करता है।”
**AIFUL कार्पोरशन के ग्रुप डेटा एनालिटिक्स विभाग के जनरल मैनेजर श्री दाइकी माचिदा** ने कहा, “आईआईटी मंडी के साथ एआईहैक के दूसरे संस्करण के माध्यम से अपने सहयोग को आगे बढ़ाते हुए हमें खुशी हो रही है। उपभोक्ता वित्त क्षेत्र में प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स का महत्व लगातार बढ़ रहा है। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को उद्योग से सीधे जुड़ी चुनौतियों पर काम करने का अवसर प्रदान करती है। हमें उम्मीद है कि प्रतिभागी अपने नवाचारी दृष्टिकोण और विश्लेषणात्मक क्षमताओं के माध्यम से नए समाधान प्रस्तुत करेंगे।”
### जापान के उद्योग विशेषज्ञों की भागीदारी
एआईहैक 2026 में जापान की AIFUL कॉरपोरेशन के डेटा एनालिटिक्स विशेषज्ञों का एक प्रतिनिधिमंडल भी भाग ले रहा है। हैकाथॉन से पहले 15 अक्टूबर को कंपनी के ग्रुप डेटा एनालिटिक्स विभाग से **श्री दाइकी माचिदा, जनरल मैनेजर; श्रीमती मिनोरी त्सुकामोतो, सेक्शन मैनेजर; और श्री हर्ष तिवारी, डेटा साइंटिस्ट** उपस्थित रहेंगे।
16 अक्टूबर को उद्योग प्रतिनिधिमंडल में ग्रुप डेटा एनालिटिक्स विभाग की सेक्शन मैनेजर **सुश्री यांग ये**, साथ ही डेटा साइंटिस्ट **श्री अक्षत तिवारी, श्री प्रतीक राज और श्री महेश कुमार** शामिल होंगे। इन विशेषज्ञों की भागीदारी से विद्यार्थियों को उपभोक्ता वित्त क्षेत्र में डेटा एनालिटिक्स के आधुनिक अनुप्रयोगों पर उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता से आगे बढ़कर एआईहैक 2026 का उद्देश्य भारत और जापान के बीच उद्योग एवं शिक्षा जगत के सहयोग को मजबूत करना भी है। इसके माध्यम से प्रतिभाओं की पहचान, संयुक्त शोध, उद्योग प्रायोजित परियोजनाओं और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा।
इस पहल के जरिए आईआईटी मंडी का स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ऐसे पेशेवरों को तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है, जो विश्लेषणात्मक दक्षता के साथ व्यावसायिक समझ और जिम्मेदार निर्णय लेने की क्षमता का समन्वय कर सकें।
# एआईहैक 2026 के बारे में
एआईहैक 2026 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मंडी के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट द्वारा जापान की AIFUL कॉरपोरेशन के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय उद्योग-शिक्षा जगत आधारित हैकाथॉन है। 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘उपभोक्ता वित्त में प्रेडिक्टिव एनालिटिक्स’ है। इसमें 200 प्रतिभागी वास्तविक उद्योग डेटा सेट का उपयोग करके डेटा आधारित समाधान विकसित करेंगे। प्रतियोगिता के लिए 2.5 लाख रुपये से अधिक की कुल पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

