-सर्वाेदय अहिंसा अभियान के पोस्टर का हुआ विमोचन


बाड़मेर। इंडिया अगेंस्ट वॉयलेंस, बाड़मेर की ओर से प्रतिवर्ष की भांति होने वाले पटाखा बहिष्कार, ईको दीपावली व पर्यावरण संरक्षण को लेकर सर्वाेदय अहिंसा अभियान के पोस्टर का विमोचन स्थानीय आराधना भवन में परम पूज्य मुनि श्री विवेकसागरजी म.सा. आदि ठाणा-4 की पावन निश्रा व संयोजक मुकेश बोहरा अमन की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
मुनि श्री विवेकसागरजी म.सा. ने कहा कि त्यौहार हमारे जीवन में खुशियां लाते है और हमें जीवन मिल-जुलकर भाईचारे के साथ रहने का संदेश देते है । ऐसे में हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि हम हमारी संस्कृति व परम्पराओं को विकृतियों से दूर रखते हुए सबको खुशियां बांटे। मुनिश्री ने कहा कि सुरक्षित त्यौहार से ही हमारे जीवन में अपार खुशियों का आगमन होता है । हम आतिशबाजी से दूर रहकर प्रकृति व असंख्य सूक्ष्म जीवों को जीवनदान प्रदान कर सकते है । आतिशबाजी के क्षणिक मनोरंजन से असंख्य जीवों की हिंसा होती है ।
इंडिया अगेंस्ट वॉयलेंस, बाड़मेर के जिला संयोजक मुकेश बोहरा अमन ने कहा कि इंडिया अगेंस्ट वॉयलेंस, बाड़मेर पिछले 10 वर्षों से सतत् सर्वाेदय अहिंसा अभियान के तहत् दीपोत्सव पर आतिशबाजी बहिष्कार, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अभियान के साथ-साथ कई गतिविधियों का आयोजन करता आ रहा है। अमन ने कहा कि जीवन में ज्ञान व जानकारी के अभाव में कई गलतियां एवं भूलें हो जाती है मगर हमें इस भाग-दौड़ की जिन्दगी में जीवन की दिशा व दशा के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। हमारी सजगता के सहारे अहिंसा के माध्यम से ही पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न ज्वलंत वैश्विक समस्याओं का निराकरण सम्भव है। पर्यावरण हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, जिसका संरक्षण करना हमारा प्रथम दायित्व है।
इंडिया अगेंस्ट वॉयलेंस, बाड़मेर के जिला प्रवक्ता चन्द्रप्रकाश बी. छाजेड़ ने बताया कि जिला मुख्यालय पर पटाखा बहिष्कार एवं पर्यावरण संरक्षण को संकल्प पत्र भरवाने के साथ-साथ ऑनलाईन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगें। त्रिदिवसीय अहिंसा कार्यक्रम के अन्तर्गत प्रथम दिवस शनिवार को स्थानीय ज्ञान वाटिका एवं समस्त पाठशाला के बच्चों को अहिंसा संकल्प दिलवाया गया। इसी क्रम में रविवार को प्रातः 9 बजे महावीर सर्किल पर अनुकम्पादान कार्यक्रम एवं सोमवार को जूना केराडू मार्ग स्थित ज्ञान वाटिका में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा वहीं शहर में जरूरतमन्दों की मदद में नेकी की दीवार तैयार की जायेगी। साथ ही पौधारोपण, स्वदेशी अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित होंगें।
पोस्टर विमोचन के दौरान महावीर इन्टरनेशनल के जॉन अध्यक्ष गौतम डूंगरवाल, समाजसेवी मुकेश मालू, जगदीशचंद बोथरा, चन्द्रप्रकाश छाजेड़, भंवरलाल बोथरा, पी.डी. मालू, अक्षय बोथरा आदि उपस्थित रहे।
