सांभर झील क्षेत्र के किसानों को नमक उत्पादन के अधिकार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे पर दायर सूचना के अधिकार (RTI) आवेदन के संबंध में प्राप्त अधूरे एवं असंतोषजनक उत्तर के विरुद्ध आज प्रथम अपील दायर कर दी गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता अमर भड़ड़ा ने बताया कि आरटीआई के माध्यम से हिंदुस्तान साल्ट लिमिटेड एवं संबंधित विभागों से जयपुर जिले के किसानों को नमक उत्पादन की अनुमति, नियमों एवं संबंधित अभिलेखों की जानकारी मांगी गई थी। प्राप्त उत्तर में मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने के बजाय अस्पष्ट एवं अधूरा जवाब दिया गया, जिससे मूल प्रश्नों का समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रथम अपील का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि एक ही सांभर झील के अलग-अलग जिलों में किसानों के लिए अलग-अलग नियम क्यों लागू हैं। यदि अजमेर एवं डीडवाना-कुचामन क्षेत्र के किसानों को नमक उत्पादन का अधिकार प्राप्त है, तो जयपुर जिले के किसानों को समान अधिकार क्यों नहीं दिए जा रहे हैं।
अमर भड़ड़ा ने कहा कि सूचना प्राप्त होने के बाद पूरे मामले को तथ्यों एवं दस्तावेजों के आधार पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। यदि आवश्यक हुआ तो किसानों के साथ मिलकर इस जनआंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि सांभर क्षेत्र के किसानों को न्याय एवं समान अधिकार मिल सके।

